पंजाब विधानसभा के नए सदस्य हरमीत सिंह ने बुधवार को विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवा के सामने विधायक पद की शपथ ली। हाल ही में हुई तरनतारन विधानसभा सीट की उपचुनाव में उन्होंने 12091 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी। यह सीट पूर्व विधायक कश्मीर सोहल के निधन के बाद खाली हुई थी।
हरमीत सिंह की यह चौथी जीत है। इससे पहले वे दो बार शिरोमणि अकाली दल की टिकट पर और एक बार बतौर निर्दलीय जीत चुके हैं। इस बार उन्होंने आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल की और दुबारा अपने क्षेत्र की नुमाइंदगी के लिए विधानसभा पहुंचे हैं।
जनता का धन्यवाद किया
शपथ लेने के बाद हरमीत सिंह ने तरनतारन की जनता के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों ने उन पर हमेशा भरोसा किया है, और इस भरोसे को निभाने के लिए वे पूरी मेहनत से काम करेंगे।
उन्होंने बताया कि तरनतारन में कई काम लंबे समय से अटके पड़े हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल ने उन्हें आश्वासन दिया है कि शपथ ग्रहण के एक सप्ताह के भीतर सभी रुके हुए विकास कार्य शुरू करवा दिए जाएंगे।
विकास कार्यों को तेज़ी से पूरा करने का वादा
हरमीत सिंह ने कहा कि तरनतारन में सड़कें, पानी, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े कई मुद्दे प्राथमिकता पर हल किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं की सूची सरकार तक पहुंचा दी है और जल्द ही कार्रवाई दिखेगी।
अगले विधानसभा सत्र के लिए उत्साहित
उन्होंने कहा कि वे खुद को भाग्यशाली मानते हैं कि आगामी विधानसभा सत्र आनंदपुर साहिब की पवित्र धरती पर होने जा रहा है। वह इस सत्र में पूरी सक्रियता से हिस्सा लेंगे और तरनतारन से जुड़े मुद्दे मजबूती से उठाएंगे।
लड़कियों के लिए कॉलेज बनाने की पहल
हरमीत सिंह ने यह भी घोषणा की कि वे विधानसभा में तरनतारन की लड़कियों के लिए नया कॉलेज स्थापित करने का प्रस्ताव रखेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की बेटियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।
