पंजाब इन दिनों निवेश के मामले में देशभर में सबसे आकर्षक राज्य बनकर उभर रहा है। राज्य के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री संजीव अरोड़ा ने ताज़ा आंकड़े साझा करते हुए बताया कि मार्च 2022 से अब तक पंजाब में 1 लाख 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आया है। यह आंकड़ा साफ दर्शाता है कि उद्योग जगत को पंजाब की नीतियों और माहौल पर पूरा भरोसा है।
मंत्री ने बताया कि हाल ही में दो बड़े औद्योगिक समूहों ने पंजाब में महत्वपूर्ण निवेश का ऐलान किया है। वर्धमान स्टील ने राज्य में 2500 करोड़ रुपये लगाने की घोषणा की, जबकि ट्राइडेंट ग्रुप ने 2000 करोड़ रुपये के निवेश की योजना जताई है। इन प्रोजेक्ट्स के शुरू होने से राज्य में हज़ारों नौकरियाँ पैदा होने की उम्मीद है, साथ ही उद्योगिक ढांचे को और मजबूती मिलेगी।
सबसे खास बात यह है कि न सिर्फ देशी और विदेशी निवेशक, बल्कि भारत सरकार ने भी स्वीकार किया है कि निवेश के लिए पंजाब आज देश के सबसे बेहतर और भरोसेमंद राज्यों में से एक है। स्थिर कानून व्यवस्था, तेज़ फैसले, उद्योगों के लिए सरल नीतियाँ और पारदर्शी प्रक्रिया पंजाब को निवेशकों की पहली पसंद बना रही हैं।
पंजाब सरकार का कहना है कि आने वाले महीनों में और भी बड़ी कंपनियाँ राज्य में अपने प्रोजेक्ट लगाने की इच्छा जता रही हैं। यह रफ्तार जारी रही तो पंजाब जल्द ही देश के प्रमुख इंडस्ट्रियल हब के रूप में अपनी पहचान और मजबूत कर लेगा।
