पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज गुरु तेग बहादुर जी के जीवन और बलिदान पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। यह प्रदर्शनी उनकी 350वीं शहीदी शताब्दी को समर्पित है और श्री आनंदपुर साहिब में आयोजित की जा रही है। उद्घाटन के दौरान सीएम मान ने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी ने मानवता, धर्म और सत्य की रक्षा के लिए अद्वितीय बलिदान दिया, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। प्रदर्शनी में उनके जीवन, उपदेशों और शहादत से जुड़े दुर्लभ चित्र और दस्तावेज़ प्रदर्शित किए गए हैं। बड़ी संख्या में संगत ने इसमें शामिल होकर श्रद्धा प्रकट की।
23 से 25 नवंबर तक होने वाले समागमों का विस्तृत कार्यक्रम
23 नवंबर: आरंभ श्रद्धा के साथ
तीन दिवसीय समागम की शुरुआत सुबह 10 बजे बाबा बुड्ढा दल छावनी के पास स्थित गुरुद्वारा साहिब में अखंड पाठ साहिब के साथ होगी। इस समारोह में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान भी उपस्थित रहेंगे।
इसके बाद सुबह 11 बजे विरासत-ए-खालसा के हॉल में गुरु तेग बहादुर जी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा।
दोपहर 12 बजे, बाबा बुड्ढा दल छावनी के मुख्य पंडाल में सर्व धर्म सम्मेलन आयोजित होगा, जिसका उद्देश्य विभिन्न धर्मों के संदेशों और भाईचारे को आगे बढ़ाना है।
समागम के पहले दिन दोपहर 3 बजे विरासत-ए-खालसा, भाई जैता जी मेमोरियल और पांच प्यारे पार्क का गाइडेड टूर रखा गया है।
शाम होते ही 5 बजे विरासत-ए-खालसा में ड्रोन शो और 6 बजे मुख्य पंडाल में कथा एवं कीर्तन दरबार संगत को निहाल करेगा।
सुबह 8 बजे, कीरतपुर साहिब से श्री आनंदपुर साहिब तक शीश भेंट नगर कीर्तन निकलेगा।
सुबह 10 बजे शहर में विशेष हेरिटेज वॉक आयोजित होगी, जिसमें आनंदपुर की ऐतिहासिक धरोहरों का परिचय कराया जाएगा।
11 बजे से 1 बजे तक बाबा बुड्ढा दल छावनी में गुरु साहिब के जीवन पर आधारित काव्य-पाठ, ढाडी वार और कविशरी प्रस्तुतियाँ होंगी।
दोपहर 1 बजे, भाई जैता जी मेमोरियल में पंजाब विधान सभा का गुरु तेग बहादुर जी को समर्पित विशेष सत्र होगा।
दोपहर 2 बजे, चरण गंगा स्टेडियम में गतका और अन्य युद्ध-कला की प्रस्तुतियाँ होंगी।
शाम को फिर 5 बजे ड्रोन शो और 6 बजे कीर्तन दरबार का आयोजन होगा।
25 नवंबर: समागम का पवित्र समापन
तीसरे दिन सुबह 10 बजे अखंड पाठ साहिब का भोग डाला जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री भी संगत के साथ शामिल होंगे।
सुबह 11 बजे, विरासत-ए-खालसा से राज्य स्तरीय रक्तदान और वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत होगी।
दोपहर 12 बजे मुख्य पंडाल में सरबत दा भला एकत्रता कार्यक्रम होगा, जिसमें धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक हस्तियाँ शिरकत करेंगी।
शाम 5 बजे, ड्रोन शो के साथ तीन दिवसीय समागम का औपचारिक समापन होगा। हालांकि ड्रोन शो 29 नवंबर तक प्रतिदिन जारी रहेगा।