‘हिंद दी चादर’ नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर श्री आनंदपुर साहिब में भव्य और आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला। इस ऐतिहासिक अवसर पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने विशेष अरदास कर पंजाब और देश की खुशहाली की कामना की।
केजरीवाल बोले – पवित्र धरती पर महसूस हुई अलौकिक शक्ति
समागम के दौरान अरविंद केजरीवाल ने अपने संबोधन में कहा कि वह पिछले तीन दिनों से श्री आनंदपुर साहिब में हैं और यहाँ एक अद्भुत, दिव्य और अलौकिक ऊर्जा महसूस हो रही है। उन्होंने कहा कि इस धरती के हर कण, हर हवा के झोंके में शहादत, बलिदान और आध्यात्मिक शक्ति का एहसास होता है, जो उन्होंने अपने जीवन में पहले कभी अनुभव नहीं किया।
उन्होंने कहा कि वह यहाँ से एक असाधारण आध्यात्मिक अनुभव लेकर वापस जा रहे हैं।
केजरीवाल ने की पंजाब सरकार की प्रशंसा, साथ ही मांगी क्षमा
केजरीवाल ने कहा कि पंजाब सरकार ने शहीदी दिवस के आयोजन के लिए शानदार प्रबंध किए हैं। लाखों लोगों की संगत को ध्यान में रखते हुए हर सुविधा उपलब्ध करवाई गई।
फिर भी उन्होंने विनम्रता से कहा कि यदि किसी व्यवस्था में कमी रह गई है, तो वह इसकी क्षमा चाहते हैं।
गुरु साहिब की शिक्षा: भाईचारा, समानता और न्याय का संदेश
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब मानवता के लिए भाईचारे, धर्म-निरपेक्षता और समाजिक समानता का प्रकाश स्तंभ हैं।
उन्होंने बताया कि सिख समाज को अपने गुरु साहिबानों से बहादुरी, बलिदान और अत्याचार के विरुद्ध डटकर मुकाबला करने की सीख विरासत में मिली है।
केजरीवाल बोले कि आज दुनिया में कई जगह धर्म के नाम पर संघर्ष चल रहे हैं। यदि कुछ समय के लिए भी गुरु साहिब की शिक्षा पर अमल किया जाए, तो पूरे विश्व में शांति स्थापित हो सकती है।
“पंजाब इस पवित्र अवसर का गवाह बनकर भाग्यशाली” – केजरीवाल
उन्होंने कहा कि दुनिया भर में करोड़ों लोगों की उम्मीदों के अनुरूप पंजाब सरकार ने यह शहीदी दिवस बेहद यादगार बनाने का प्रयास किया है।
उन्होंने कहा कि सरकार और पंजाब के लोग खुद को सौभाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें इस पवित्र और ऐतिहासिक अवसर का हिस्सा बनने का मौका मिला।
