श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित “सरबੱत दे भले की अरदास” समागम के दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने श्री आनंदपुर साहिब के लिए एक ऐतिहासिक घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस पवित्र शहर में एक विश्वस्तरीय विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा, जो गुरु साहिबानों की शिक्षाओं, दर्शन और मानवता के संदेश को दुनिया भर तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
संगत से लिया जाएगा विषयों पर निर्णय
CM मान ने बताया कि विश्वविद्यालय में कौन-कौन से विषय पढ़ाए जाएंगे, इस पर अंतिम निर्णय संगत से पूछकर ही लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस विश्वविद्यालय में एक विशेष चेयर (Chair) भी बनाई जाएगी जिसका उद्देश्य गुरु साहिब की शिक्षाओं पर शोध, अध्ययन और विश्वभर के लोगों को इससे जोड़ना होगा।
साथ ही, उन्होंने घोषणा की कि गुरु साहिब की बाणी का तर्जुमा (अनुवाद) दुनिया की विभिन्न भाषाओं में करवाया जाएगा ताकि हर व्यक्ति गुरु ग्रंथ साहिब के संदेश को समझ और अपना सके।
संगत के लिए बनाए गए इंतज़ाम रहेंगे जारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि शहीदी समागम के लिए श्री आनंदपुर साहिब में संगत की सुविधा हेतु किए गए सभी इंतज़ाम—चाहे वह आवास, सफाई, परिवहन या सेवा से जुड़े हों—समागम के बाद भी इसी तरह बनाए रखे जाएंगे।
उन्होंने कहा कि संगत की सेवा सरकार की ज़िम्मेदारी है और इस पवित्र स्थल पर आने वाले हर श्रद्धालु को बेहतरीन सुविधाएँ मिलेंगी।
अगला शहीदी दिवस और होला-महल्ला भी इसी स्तर पर होगा आयोजित
CM भगवंत मान ने यह भी ऐलान किया कि गुरु तेग बहादुर साहिब का 351वां शहीदी दिवस भी इसी पूरे सम्मान और भव्यता के साथ मनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रसिद्ध होला-महल्ला त्योहार को भी उन्हीं व्यवस्थाओं और उत्साह के साथ आयोजित किया जाएगा, जैसा इस वर्ष देखने को मिला।
चर्ण गंगा स्टेडियम बनेगा विश्वस्तरीय
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान एक और महत्वपूर्ण घोषणा की—श्री आनंदपुर साहिब स्थित चर्ण गंगा स्टेडियम को विश्वस्तरीय खेल परिसर के रूप में विकसित किया जाएगा।
यह कदम युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएँ प्रदान करने की दिशा में अहम साबित होगा।
