विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) ने सिर्फ तीन सीजन में भारतीय महिला क्रिकेट को नई दिशा दी है। इस लीग ने कई युवा खिलाड़ियों को पहचान दी, जो सीधे टीम इंडिया तक पहुंचीं। श्री चैरनी, क्रांति गौड़, अर्शी पाटिल, सायका इशाक, टिटास साधू जैसे नाम WPL की ही देन हैं। अब 2026 के मेगा ऑक्शन में भी 142 अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों का बड़ा पूल सामने है, और इस बार भी इंटरनेशनल सितारों से ज्यादा चर्चा इन नई प्रतिभाओं की हो रही है।
वैष्णवी शर्मा – सबसे बड़ा दांव?
मध्य प्रदेश की बाएं हाथ की स्पिनर वैष्णवी शर्मा नीलामी में सबसे चर्चित चेहरों में से एक हैं। U-19 वर्ल्ड कप में हैट्रिक और सबसे ज्यादा विकेट लेकर उन्होंने सभी का ध्यान खींचा। इसके बाद सीनियर वुमेंस T20 ट्रॉफी में 11 मैचों में 21 विकेट लेकर वे शीर्ष पर रहीं। इंटर-जोनल मैचों में भी उनका दबदबा साफ दिखाई दिया। उनकी उड़ती हुई स्लो गेंदें और तेज टर्न उन्हें इस साल की हॉट पिक बना सकते हैं। कई टीमें उन्हें पहला दांव लगाने से नहीं चूकेंगी।
दीया यादव – नई ‘शैफाली’ बनने की ओर?
हरियाणा की युवा सलामी बल्लेबाज दीया यादव अपनी आक्रामक बल्लेबाजी की वजह से चर्चा में हैं। 2025 सीजन में उन्होंने 8 पारियों में 298 रन बनाए और स्ट्राइक रेट 128 रहा। इंटर-जोनल T20 में 149 के स्ट्राइक रेट से 151 रन बनाकर उन्होंने दिखा दिया कि वे पावर हिटिंग में माहिर हैं। उनकी 2023 की नाबाद 213 रन की पारी आज भी याद की जाती है। कई फ्रेंचाइजी उन्हें अगली शैफाली वर्मा के रूप में देख रही हैं।
ममता मड़ीवाला – भरोसेमंद फिनिशर + विकेटकीपर
हैदराबाद की ममता मड़ीवाला निचले क्रम में तेज रन बना सकती हैं और साथ ही शानदार विकेटकीपिंग भी करती हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ इंडिया A से डेब्यू मैच में उन्होंने नाबाद 56 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई थी। ऐसी खिलाड़ी, जो मैच फिनिश भी कर सके और ग्लव्स भी शानदार तरीके से संभाले—हर टीम की जरूरत होती है। ममता पर कई टीमों की नजर बनी रहेगी।
तनिशा सिंह – दिल्ली की ऑलराउंडर सेंसेशन
दिल्ली की ऑलराउंडर तनिशा सिंह 2025 DPL में ‘मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर’ चुनी गईं। वे बल्लेबाजी और ऑफ-स्पिन दोनों में मैच बदलने की क्षमता रखती हैं। U-23 ट्रॉफी में उन्होंने कप्तान के तौर पर दिल्ली को खिताब भी जिताया था। उनकी लीडरशिप + ऑलराउंड परफॉर्मेंस उन्हें ऑक्शन में बड़ा नाम बना सकते हैं।
जी. त्रिशा – दो बार की U-19 वर्ल्ड कप चैंपियन
हैदराबाद की त्रिशा पहले भी WPL ऑक्शन में शामिल हो चुकी हैं, लेकिन इस बार फॉर्म पूरी तरह उनके साथ है। U-19 वर्ल्ड कप में उन्होंने 309 रन और 9 विकेट लिए। फाइनल में नाबाद 44 रन और 3 विकेट का प्रदर्शन किसी भी टीम को आकर्षित करने के लिए काफी है। इस बार वे मजबूत दावेदार मानी जा रही हैं।
WPL 2026 ऑक्शन युवाओं की चमक से भरा नजर आने वाला है। फैंस और फ्रेंचाइजी दोनों ही यह देखने को उत्सुक हैं कि इन नई प्रतिभाओं में से कौन अगले सीजन में बड़ा सितारा बनेगा।
