पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने चंडीगढ़ में लहरागागा के बाबा हीरा सिंह भट्ठल कॉलेज के कर्मचारियों के साथ अहम बैठक की। लंबे समय से समस्याओं का सामना कर रहे इन कॉलेज कर्मचारियों की पीड़ा को सुनने और समझने के लिए मुख्यमंत्री ने खुद समय निकाला और पूरी स्थिति पर विस्तार से चर्चा की।
पिछली सरकारों की लापरवाही अब दूर होगी
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों की गलत नीतियों के कारण कर्मचारी वर्षों से परेशानियों का सामना कर रहे हैं। वे बार-बार दफ्तरों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन समाधान नहीं मिल पा रहा था। भगवंत मान ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार ऐसे मामलों को गंभीरता से ले रही है और किसी भी वर्ग को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।

अधिकारियों को दिए तुरंत कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आदेश दिया कि कॉलेज कर्मचारियों की सभी समस्याओं का जल्द और प्रभावी समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की यह स्थिति किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है और सरकार का पहला कर्तव्य है कि लोगों की तकलीफ दूर की जाए।
कैबिनेट में जल्द होगा महत्वपूर्ण निर्णय
बैठक में कर्मचारियों को भरोसा दिलाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मुद्दे पर जल्द ही कैबिनेट में बड़ा निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य में किसी भी वर्ग का “चूल्हा बुझने नहीं दिया जाएगा” और सभी कर्मचारियों को उनके अधिकार और सुरक्षा मिलेगी।
