पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अपने 10-दिवसीय जापान दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने टोक्यो स्थित गांधी पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर फूल अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। दौरे की शुरुआत उन्होंने इसी सादगीपूर्ण कार्यक्रम से की, जिसमें जापान में रह रहे कई भारतीय मूल के लोगों ने भी हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री मान ने प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाते हुए कहा कि गांधी जी की विचारधारा विश्वभर में शांति, सत्य और अहिंसा का संदेश देती है और पंजाब भी इन्हीं मूल्यों पर आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने लिखा है कि विदेशों में बसे भारतीयों के बीच गांधी जी का सम्मान भारत की पहचान को और मजबूत करता है।
निवेश आकर्षित करने के मिशन पर..
मुख्यमंत्री भगवंत मान का यह पूरा दौरा निवेश को आकर्षित करने और पंजाब में औद्योगिक माहौल को मजबूत करने पर केंद्रित है। उनके कार्यक्रम में जापान की शीर्ष कंपनियों, टेक्नोलॉजी विशेषज्ञों, स्टार्ट-अप फाउंडर्स और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के प्रतिनिधियों से मुलाकातें शामिल हैं।
मुख्यमंत्री मान ने कहा है कि पंजाब में जमीन, बिजली, सुरक्षा और वर्कफोर्स जैसे मामलों में तेजी से सुधार हुआ है और सरकार उद्योगों को हर तरह की सुविधा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
जापानी कंपनियों में पंजाब को लेकर उत्साह
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि पंजाब को “न्यू इकोनॉमिक हब” बनाने के लिए ग्लोबल पार्टनरशिप जरूरी है और जापान जैसे विकसित राष्ट्र के साथ मिलकर काम करने से नई तकनीक और रोजगार दोनों बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री भगवंत मान का यह जापान दौरा पंजाब के लिए आर्थिक सहयोग और नए निवेश के अवसर लेकर आ सकता है। टोक्यो में गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करके उन्होंने भारत-जापान दोस्ती का संदेश दिया, जबकि उनके आधिकारिक कार्यक्रम निवेश, रोजगार और तकनीकी विकास पर केंद्रित रहेंगे।
