देशभर में इंडिगो एयरलाइन से जुड़ी समस्याओं के बीच, पंजाब सरकार ने यात्रियों को राहत देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (मोहाली) पर 24 घंटे काम करने वाला कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, ताकि यात्रियों को किसी भी तरह की परेशानी न हो और उन्हें तुरंत सहायता मिल सके।
राज्य सरकार की त्वरित कार्रवाई
पंजाब शहरी उड्डयन विभाग की सचिव सोनाली गिरि ने बताया कि सरकार की प्राथमिकता यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करना है। उसी के तहत उन्होंने हवाई अड्डा प्राधिकरण, CISF और एयरलाइन कंपनियों के साथ बैठक कर ज़रूरी कदम उठाए। उन्होंने कहा कि उड़ानों में देरी या रद्द होने की स्थिति में यात्रियों की मदद के लिए कंट्रोल रूम तुरंत चालू कर दिया गया है।
इस कंट्रोल रूम में रिफंड, री-शेड्यूलिंग, सामान की डिलीवरी और उड़ानों की रीयल-टाइम जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। टीमें लगातार उड़ानों के संचालन, देरी और यात्रियों से जुड़े मुद्दों की निगरानी कर रही हैं, ताकि तुरंत सहायता मिल सके।
यात्रियों के लिए हेल्पलाइन नंबर
किसी भी सहायता के लिए यात्री 95010-15832 पर संपर्क कर सकते हैं।
इसके साथ ही अलग-अलग एयरलाइंस के हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं:
- इंडिगो: 92899-38532
- एयर इंडिया: 88001-97833 / 0172-2242201
- एयर इंडिया एक्सप्रेस: 92055-08549
- अलायंस एयर: 98184-28648
सोनाली गिरि ने कहा कि एयरपोर्ट अथॉरिटी के सोशल मीडिया हैंडल की मदद से भी यात्री अपनी शिकायतों का समाधान पा सकते हैं।
यात्रियों के सामान की डिलीवरी और अन्य सुविधाएँ
उडान रद्द होने की वजह से करीब 30 यात्रियों के बैग एयरलाइन के पास हैं, जिन्हें उनके घरों तक नि:शुल्क पहुंचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इंडिगो यह सुनिश्चित करेगा कि उड़ान रद्द होने की जानकारी यात्रियों को कम से कम 10 घंटे पहले दे दी जाए।
यात्रियों की दवाइयों, भोजन और अन्य ज़रूरतों का ध्यान रखने के लिए भी हवाई अड्डे पर विशेष प्रबंध किए गए हैं। राज्य सरकार ने स्पष्ट कहा है कि टैक्सी चालकों और होटल ऑपरेटरों द्वारा किसी भी तरह की मनमानी वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
किराया नियंत्रण और यात्रियों को राहत
भारत सरकार द्वारा हवाई किराए पर तय की गई सीमा पहले ही लागू कर दी गई है, ताकि संकट की स्थिति में टिकट की कीमतें बढ़ाकर यात्रियों का शोषण न किया जा सके। साथ ही एयरपोर्ट के पास उपलब्ध होटलों की सूची भी सरकार जारी करेगी, जिससे बाहर से आने वाले यात्रियों को ठहरने में समस्या न हो।
सामान्य स्थिति की उम्मीद
सोनाली गिरि ने भरोसा दिलाया कि स्थिति जल्द ही सामान्य हो जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे घबराएँ नहीं और आश्वासन दिया कि पंजाब सरकार यात्रियों के हितों की सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठा रही है।
