गोवा के चर्चित नाइट क्लब ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ के मालिक सौरभ और गौरव लूथरा को थाईलैंड पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। दोनों की पहली तस्वीर सामने आई है, जिसमें वे हाथ बंधे होने की स्थिति में पासपोर्ट पकड़े दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि इंटरपोल द्वारा जारी ब्लू कॉर्नर नोटिस के बाद यह कार्रवाई की गई। इससे पहले भारत के विदेश मंत्रालय ने दोनों के पासपोर्ट भी निलंबित कर दिए थे, जिसके बाद मामला और गंभीर हो गया।
अदालत में पेश, वकील ने दी सफाई
बुधवार (10 दिसंबर 2025) को ट्रांजिट अग्रिम जमानत याचिकाओं पर सुनवाई हुई। लूथरा भाइयों की ओर से पेश वकील ने अदालत में दावा किया कि उनके मुवक्किल देश छोड़कर भागने की कोशिश नहीं कर रहे थे। वकील के मुताबिक दोनों सिर्फ एक बिजनेस मीटिंग में शामिल होने के लिए थाईलैंड गए थे और यह यात्रा किसी तरह जांच से बचने का प्रयास नहीं थी।
भारत में प्रशासनिक हलचल तेज, गोवा सरकार हरकत में
थाईलैंड में हिरासत के बाद अब भारत में भी गतिविधियां तेज हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार गोवा सरकार जल्द ही एक हाई लेवल मीटिंग बुला सकती है। इस बैठक में राज्य के शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे और चर्चा का केंद्र लूथरा ब्रदर्स को भारत लाने, उन्हें डिपोर्ट करवाने और हिरासत में लेने की रणनीति होगा।
गोवा प्रशासन इस मामले को गंभीरता से ले रहा है, क्योंकि हाल ही में नाइटक्लब से जुड़े घटनाक्रम ने राज्य में काफी विवाद पैदा किया था।
नाइटक्लब के सह-मालिक अजय गुप्ता का बयान
पीटीआई के अनुसार ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ के एक अन्य सह-मालिक अजय गुप्ता को दिल्ली अपराध शाखा की वसूली और अपहरण रोधी प्रकोष्ठ में पूछताछ के लिए लाया गया। 6 दिसंबर को उत्तरी गोवा के अरपोरा इलाके में आग लगने की घटना के बाद वह जांच से बचते रहे थे।
सूत्रों का कहना है कि दिल्ली में अजय गुप्ता का पता लगाने की पहली कोशिश नाकाम होने पर गोवा पुलिस ने उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया था। पूछताछ के दौरान गुप्ता ने कहा कि वह केवल एक साझेदार हैं और आगजनी की घटना से संबंधित किसी भी गतिविधि में शामिल नहीं थे।
जांच में नए मोड़ की संभावना
लूथरा बंधुओं की थाईलैंड में गिरफ्तारी, भारत की ओर से जारी LOC और सह-मालिक से लगातार पूछताछ—ये सभी संकेत देते हैं कि आने वाले दिनों में मामले में कई नए खुलासे हो सकते हैं।
