ब्लॉक समिति और जिला परिषद चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जालंधर ग्रामीण पुलिस ने जिले में हाई अलर्ट जारी किया है। पुलिस प्रशासन ने पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं ताकि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो।
2,500 पुलिसकर्मी तैनात, हर बूथ पर नजर
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले भर में करीब 2,500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। ये जवान 880 मतदान केंद्रों और 1,126 मतदान बूथों पर 24 घंटे निगरानी कर रहे हैं। चुनाव सुरक्षा योजना के तहत 65 स्थानों को अति संवेदनशील, 284 को संवेदनशील और 531 को सामान्य श्रेणी में रखा गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों की फील्ड में तैनाती
एसएसपी हरविंदर सिंह विरक के निर्देशों पर सुरक्षा को और मजबूत किया गया है। चुनाव के दौरान 3 एसपी, 12 डीएसपी और 15 एसएचओ को फील्ड में तैनात किया गया है, जो अपने-अपने क्षेत्रों की लगातार निगरानी कर रहे हैं। हर सब-डिवीजन में दो डीएसपी और एक एसपी स्तर के अधिकारी की तैनाती की गई है। रात के समय भी पुलिस अधिकारी सक्रिय रूप से निगरानी कर रहे हैं।
तलाशी अभियान और फ्लैग मार्च जारी
एसएसपी विरक ने बताया कि जिले में नदियों के किनारे, सुनसान इलाकों, संदिग्ध स्थानों और बाजारों में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च, मतदान केंद्रों की जांच और दिन-रात नाकाबंदी की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
धार्मिक स्थलों पर भी अतिरिक्त सुरक्षा
जालंधर ग्रामीण क्षेत्र के गुरुद्वारों, धार्मिक स्थलों और डेरों को भी संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। यहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और विशेष गश्ती टीमें इन स्थानों पर नजर रख रही हैं।
गश्ती दल और आपात सेवाएं सक्रिय
इसके अलावा 30 गश्ती दल और ईआरवी टीमें 24 घंटे सक्रिय हैं, जो किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई के लिए तैयार हैं। पिछले एक महीने में पुलिस ने अवैध शराब और नशे के खिलाफ भी सख्त अभियान चलाया है। इस दौरान एक्साइज एक्ट के तहत 16 मामले दर्ज किए गए हैं।
जनता से सहयोग की अपील
एसएसपी हरविंदर सिंह विरक ने लोगों से अपील की है कि चुनाव के दौरान किसी भी संदिग्ध गतिविधि, झगड़े या कानून उल्लंघन की सूचना तुरंत पुलिस को दें। इसके लिए 112 हेल्पलाइन या जालंधर ग्रामीण पुलिस के कंट्रोल नंबर 78373-40100 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस पूरी निष्पक्षता और सुरक्षा के साथ चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है और जनता बिना किसी डर के अपने मताधिकार का प्रयोग करे।
