ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर में रविवार, 14 दिसंबर को हुई भीषण गोलीबारी की घटना ने पूरी दुनिया को हिला कर रख दिया है। इस हमले में अब तक 16 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि करीब 42 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। यह हमला यहूदी समुदाय के पवित्र पर्व हनुक्का के आयोजन के दौरान किया गया, जब बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल थे।
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, इस हमले को एक पिता और उसके बेटे ने मिलकर अंजाम दिया। आरोपियों की पहचान 50 वर्षीय साजिद अकरम और उसके 24 वर्षीय बेटे नवीद अकरम के रूप में हुई है। हमले के दौरान साजिद अकरम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका बेटा नवीद अकरम पुलिस की हिरासत में है। न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने इस घटना को ऑस्ट्रेलिया के इतिहास का सबसे बड़ा यहूदी-विरोधी हमला बताया है।
घटना के बाद हमलावरों की मां वेरेना अकरम का बयान सामने आया है, जिसने इस मामले को और भी चर्चा में ला दिया है। मीडिया से बात करते हुए वेरेना ने कहा कि उन्हें विश्वास नहीं हो रहा कि उनका बेटा किसी आतंकी हमले में शामिल हो सकता है। उनके अनुसार, नवीद शांत स्वभाव का था, न वह शराब पीता था और न ही धूम्रपान करता था। उन्होंने यह भी कहा कि उनका बेटा कभी गलत संगत में नहीं रहा।
पुलिस जांच में सामने आया है कि नवीद अकरम ने वर्ष 2022 में एक इस्लामिक सेंटर से धार्मिक शिक्षा पूरी की थी। हालांकि, उस संस्थान के प्रमुख ने मीडिया के सवालों पर कोई प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया है। जांच एजेंसियां अब इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि हमले के पीछे किसी संगठित साजिश की भूमिका तो नहीं है।
स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, हमले के बाद जब पुलिस आरोपियों के घर जांच के लिए पहुंची, तो वहां मौजूद कुछ लोगों ने पुलिस को घेर लिया और जांच में बाधा डालने की कोशिश की। हालांकि, बाद में पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
जांच एजेंसियां इस हमले के अंतरराष्ट्रीय पहलुओं को भी खंगाल रही हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी मूल रूप से पाकिस्तान से ताल्लुक रखते हैं, इसी कारण जांच में विदेशी कनेक्शन की संभावना पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
हमलावर की मां वेरेना ने यह भी बताया कि नवीद पेशे से राजमिस्त्री था, लेकिन हाल के दिनों में वह बेरोजगार चल रहा था। वहीं, साजिद अकरम फल बेचने का काम करता था। घटना से पहले दोनों घर से यह कहकर निकले थे कि वे मछली पकड़ने जा रहे हैं। इस खुलासे के बाद मामले ने और भी गंभीर रूप ले लिया है।
फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां पूरे मामले की गहन जांच कर रही हैं और हमले से जुड़े हर पहलू को खंगालने में जुटी हुई हैं।
