पंजाब में जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनावों में आम आदमी पार्टी को मिली बड़ी सफलता के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान का अहम बयान सामने आया है। उन्होंने चुनाव नतीजों को जनता का फैसला बताते हुए स्वीकार किया और साथ ही विपक्ष के आरोपों का खुलकर जवाब दिया।
कांग्रेस की जीत को लेकर क्या बोले सीएम मान
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि कुछ जगहों पर कांग्रेस ने बेहद कम अंतर से जीत दर्ज की है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि धूरी के धुरा ब्लॉक समिति में कांग्रेस केवल 9 वोटों से जीती है, जबकि झुनीर में कांग्रेस को 30 वोटों से जीत मिली। उन्होंने कहा कि कई अन्य जिलों में भी कांग्रेस और अन्य पार्टियों के उम्मीदवार अलग-अलग अंतर से विजयी हुए हैं।
बैलेट पेपर विवाद पर विपक्ष को जवाब
सीएम भगवंत मान ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों द्वारा लगाए गए बैलेट पेपर ज्यादा छपवाने के आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि ये आरोप पूरी तरह बेबुनियाद और झूठे हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, जो काम विपक्ष पहले करता रहा है, वही आरोप अब सरकार पर लगाए जा रहे हैं।
पहली बार हुई पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए पहली बार पूरी वीडियोग्राफी कराई गई और कई जगहों पर चुनाव प्रक्रिया को लाइव दिखाया गया। उन्होंने कहा कि सब कुछ खुले तौर पर हुआ, जिससे किसी भी तरह की गड़बड़ी की गुंजाइश नहीं रही।
हार-जीत को बताया लोकतंत्र का हिस्सा
भगवंत मान ने यह भी स्वीकार किया कि कुछ स्थानों पर आम आदमी पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को जीतने का अधिकार है और उन्होंने जीतने वाली सभी पार्टियों को बधाई दी है।
जनता के फैसले का सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता का फैसला उन्हें पूरी तरह मंजूर है और वह इसे सिर माथे पर रखते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि लोगों ने अपने प्रतिनिधियों का सही चयन किया होगा, जो गांवों और क्षेत्रों के विकास के लिए ईमानदारी से काम करेंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों में AAP की मजबूत पकड़
सीएम मान ने दावा किया कि ग्रामीण इलाकों में आम आदमी पार्टी को लगभग 70 प्रतिशत सीटों पर जीत मिली है। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में भी पार्टी विकास के मुद्दों को ही आधार बनाएगी।
काम की राजनीति पर जोर
मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि उनकी सरकार नफरत की राजनीति नहीं, बल्कि काम और विकास की राजनीति करती है। इसी नीति के तहत आगे भी फैसले लिए जाएंगे।
नशे के खिलाफ अभियान जारी
नशे के मुद्दे पर बोलते हुए सीएम मान ने कहा कि पंजाब में ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान लगातार जारी है। उन्होंने दावा किया कि कई बड़े नशा तस्करों को जेल भेजा जा चुका है और सरकार इस मुहिम को और तेज करेगी।
