अमेरिका में कुख्यात कारोबारी जेफरी एपस्टीन से जुड़ा पुराना विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। इस बार चर्चा की वजह अमेरिकी न्याय विभाग यानी Department of Justice (DOJ) की आधिकारिक सार्वजनिक वेबसाइट से जुड़े दस्तावेजों का अचानक गायब होना है। एपस्टीन केस से संबंधित कई अहम फाइलें और तस्वीरें वेबसाइट पर डाली गई थीं, लेकिन अगले ही दिन वे पूरी तरह हटा दी गईं। इस घटनाक्रम ने अमेरिका में नई बहस को जन्म दे दिया है।
जानकारी के मुताबिक, जिन दस्तावेजों को हटाया गया है, उनमें एपस्टीन की निजी संपत्ति से जुड़ी कई तस्वीरें और रिकॉर्ड शामिल थे। इनमें उसके घर में मौजूद महंगी कलाकृतियां, फर्नीचर और निजी ड्रॉअर से जुड़ी फोटोज बताई जा रही हैं। कुछ तस्वीरों को लेकर दावा किया गया कि वे आपत्तिजनक प्रकृति की थीं, जिस कारण मामला और ज्यादा संवेदनशील बन गया।
इस पूरे विवाद में सबसे ज्यादा ध्यान एक खास तस्वीर ने खींचा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, हटाए गए रिकॉर्ड्स में एक फोटो ऐसी भी थी, जिसमें एपस्टीन के साथ अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप और एपस्टीन की करीबी सहयोगी घिसलेन मैक्सवेल नजर आ रहे थे। यही तस्वीर इस पूरे मामले को और ज्यादा चर्चा में ले आई है।
दस्तावेजों के अचानक हटने के बाद जब न्याय विभाग से इस बारे में सवाल किए गए, तो विभाग की ओर से कोई स्पष्ट जवाब सामने नहीं आया। यह साफ नहीं किया गया कि फाइलें तकनीकी कारणों से हटीं या जानबूझकर वेबसाइट से हटाई गईं। DOJ की इस चुप्पी ने सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में शंकाओं को और बढ़ा दिया है। कई लोग सवाल कर रहे हैं कि क्या कोई बड़ा सच जनता से छिपाने की कोशिश की जा रही है।
डेमोक्रेट पार्टी के कई सांसदों ने इस मुद्दे पर पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि एपस्टीन जैसा हाई-प्रोफाइल मामला, जिसमें कई प्रभावशाली लोगों के नाम जुड़ते रहे हैं, उसमें दस्तावेजों का इस तरह गायब होना लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। खास तौर पर उस तस्वीर को लेकर चिंता जताई जा रही है, जिसमें ट्रंप दिखाई दे रहे थे और जो अब सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं है।
दिलचस्प बात यह भी है कि अब तक सामने आए कुछ दस्तावेजों में पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन समेत अन्य प्रभावशाली लोगों का उल्लेख मिलता है, लेकिन लिखित रिकॉर्ड्स में डोनाल्ड ट्रंप का नाम बहुत कम नजर आता है। हालांकि, पुराने कुछ रिकॉर्ड्स जैसे एपस्टीन के निजी विमान के उड़ान लॉग में ट्रंप के नाम का जिक्र पहले हो चुका है। ट्रंप पहले ही यह स्पष्ट कर चुके हैं कि उनका एपस्टीन के आपराधिक मामलों से कोई संबंध नहीं रहा और उनके खिलाफ कोई आरोप नहीं है।
फिलहाल, दस्तावेजों के गायब होने की वजह को लेकर असमंजस बना हुआ है और यह मामला अमेरिका में राजनीतिक और कानूनी बहस का नया केंद्र बन गया है।
