पंजाब में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पंजाब पुलिस विभाग के शीर्ष अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की। इस बैठक में राज्य की मौजूदा सुरक्षा स्थिति, ड्रग नेटवर्क और गैंगस्टर गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि पंजाब को नशा और अपराध से मुक्त बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री को बताया गया कि सरकार और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से पिछले कुछ वर्षों में बड़ी सफलता मिली है। अब तक पूरे राज्य में 85 हजार 418 ड्रग स्मगलरों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके साथ ही एनडीपीएस मामलों में सजा मिलने की दर 88 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है, जिसे बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

गैंगस्टर पर भी कसी जा रही है नकेल
मुख्यमंत्री को जानकारी दी गई कि 1 जनवरी 2025 से अब तक 916 गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस की लगातार कार्रवाई से संगठित अपराध पर दबाव बढ़ा है और गैंगस्टर नेटवर्क कमजोर हुआ है। मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपराधियों के खिलाफ अभियान में किसी भी तरह की ढील न बरती जाए।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि राज्य सरकार और पंजाब पुलिस पंजाब और पंजाबियों को सुरक्षित माहौल देने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में नशा तस्करी, गैंगस्टरिज्म और अन्य अपराधों के खिलाफ कार्रवाई और तेज की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने पुलिस बल की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और ईमानदार प्रयासों से राज्य में कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि वे पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें। सरकार का लक्ष्य है कि पंजाब में शांति, सुरक्षा और भरोसे का माहौल कायम रखा जाए।
