भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में जहां SUVs का दबदबा लगातार बढ़ रहा है, वहीं मारुति सुजुकी की सेडान कार डिज़ायर ने साल 2025 में सभी को चौंका दिया है। डिज़ायर देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार बन गई है। खास बात यह है कि करीब 7 साल बाद किसी सेडान कार ने बिक्री के मामले में पहला स्थान हासिल किया है। इससे पहले 2018 में भी डिज़ायर ही इस पोजीशन पर थी।
SUVs को पछाड़कर नंबर वन
साल 2025 में मारुति सुजुकी ने लगभग 2.14 लाख डिज़ायर कारें बेचीं। यह आंकड़ा हुंडई क्रेटा और टाटा नेक्सन जैसी लोकप्रिय SUVs से भी ज्यादा है, जिनकी बिक्री करीब 2.01 लाख यूनिट रही। गौर करने वाली बात यह है कि साल 2024 में टाटा पंच सबसे ज्यादा बिकने वाली कार थी, लेकिन 2025 में मारुति ने फिर से बाजार में अपनी मजबूत पकड़ साबित कर दी।
टॉप 10 में मारुति का दबदबा
2025 की टॉप 10 सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों की लिस्ट में से 6 कारें मारुति सुजुकी की हैं। इससे साफ है कि कंपनी का भरोसा भारतीय ग्राहकों में लगातार बना हुआ है। मारुति ने अलग-अलग सेगमेंट में मजबूत विकल्प देकर अपनी स्थिति और मजबूत की है।
युवा परिवारों की बनी पसंद
मारुति सुजुकी इंडिया के सीनियर एग्जीक्यूटिव पार्थ बनर्जी के अनुसार, नई डिज़ायर अब सिर्फ बड़ी उम्र के लोगों की कार नहीं रही। इसकी अपील युवा परिवारों में तेजी से बढ़ी है। नवंबर 2024 में लॉन्च हुई चौथी जेनरेशन की डिज़ायर को खासतौर पर पर्सनल सेगमेंट के लिए डिजाइन किया गया है। आंकड़ों के मुताबिक, डिज़ायर खरीदने वालों में करीब 48 फीसदी लोग पहली बार कार खरीदने वाले हैं।
फीचर्स और सेफ्टी ने जीता दिल
डिज़ायर की सफलता के पीछे इसके नए फीचर्स और बेहतर सेफ्टी अहम वजह हैं। कार में सनरूफ और नई स्टाइलिंग जैसे फीचर्स ने ग्राहकों को आकर्षित किया है। इसके अलावा भारत NCAP से मिली 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग ने लोगों का भरोसा और मजबूत किया है।
प्रीमियम वेरिएंट की बढ़ी डिमांड
ग्राहकों का रुझान अब डिज़ायर के महंगे वेरिएंट्स की ओर भी बढ़ा है। ZXi और ZXi+ जैसे प्रीमियम वेरिएंट्स की कुल बिक्री में करीब 31 फीसदी हिस्सेदारी रही। यह दिखाता है कि ग्राहक अब बेहतर फीचर्स के लिए ज्यादा खर्च करने को तैयार हैं।
कीमत और बाजार में संदेश
मारुति डिज़ायर की शुरुआती कीमत करीब 6.25 लाख रुपये है। भले ही SUV का मार्केट शेयर 55 फीसदी से ज्यादा हो, लेकिन डिज़ायर ने यह साबित कर दिया है कि अगर प्रोडक्ट मजबूत हो, तो सेडान कारें भी बाजार में टॉप पर पहुंच सकती हैं।
2025 की टॉप 5 कारें (लाख यूनिट में बिक्री)
-
मारुति डिज़ायर – 2.14
-
हुंडई क्रेटा – 2.01
-
टाटा नेक्सन – 2.01
-
मारुति वैगन आर – 1.94
-
मारुति अर्टिगा – 1.92
