मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने सहकारी हाउसिंग सोसायटियों में रहने वाले लोगों के लिए एक ऐतिहासिक और राहत भरा फैसला लिया है। इस फैसले से सोसायटी के हजारों निवासियों को कानूनी और आर्थिक सुरक्षा मिलेगी। वर्षों से चली आ रही प्रॉपर्टी से जुड़ी अनिश्चितताओं और विवादों को खत्म करने की दिशा में इसे बड़ा सुधार माना जा रहा है।
अब प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन होगा सरल
सरकार ने सहकारी हाउसिंग सोसायटियों में संपत्ति के पंजीकरण की प्रक्रिया को आसान, किफायती और पूरी तरह कानूनी बनाने का निर्णय लिया है। अब संपत्ति का ट्रांसफर या मालिकाना हक औपचारिक रूप से रजिस्ट्री के जरिए होगा, जिससे भविष्य में किसी तरह का कानूनी विवाद न हो।
मूल आवंटियों को बड़ी राहत
सरकार ने मूल आवंटियों के लिए स्टांप ड्यूटी पूरी तरह खत्म कर दी है। अब ऐसे मामलों में केवल मामूली पंजीकरण शुल्क देकर रजिस्ट्री करवाई जा सकेगी। यह सुविधा केवल मूल आवंटी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उनके जीवनसाथी, कानूनी वारिस और नजदीकी पारिवारिक सदस्यों को भी इसका लाभ मिलेगा। इससे संपत्ति के उत्तराधिकार से जुड़े मामलों में आसानी होगी।
ट्रांसफर मामलों में रियायती स्टांप ड्यूटी
जो लोग मूल आवंटी नहीं हैं या जिन मामलों में प्रॉपर्टी ट्रांसफर हो चुकी है, उनके लिए भी सरकार ने बड़ी राहत दी है। समयबद्ध रियायती स्टांप ड्यूटी लागू की गई है।
-
31 जनवरी 2026 तक रजिस्ट्रेशन कराने पर सिर्फ 1% स्टांप ड्यूटी
-
28 फरवरी 2026 तक रजिस्ट्रेशन पर 2% स्टांप ड्यूटी
-
31 मार्च 2026 तक रजिस्ट्रेशन पर 3% स्टांप ड्यूटी
इसके बाद सामान्य स्टांप ड्यूटी दरें लागू होंगी।
ट्रांसफर फीस पर लगेगी रोक
सरकार ने सहकारी हाउसिंग सोसायटियों द्वारा वसूली जाने वाली ट्रांसफर फीस पर भी स्पष्ट सीमा तय कर दी है। इसका मकसद सदस्यों से मनमानी और अतिरिक्त फीस वसूलने की प्रथा पर रोक लगाना है। अब कोई भी सोसायटी तय सीमा से अधिक शुल्क नहीं ले सकेगी।
हजारों परिवारों को होगा सीधा फायदा
इस फैसले से हजारों परिवारों को अपने घरों का स्पष्ट और मजबूत कानूनी स्वामित्व मिलेगा। नागरिकों को सुरक्षा, सरकार को वैध स्टांप ड्यूटी की प्राप्ति और सोसायटी स्तर पर अनावश्यक खर्चों से राहत मिलेगी। साथ ही, प्रॉपर्टी से जुड़े विवादों में भी भारी कमी आने की उम्मीद है।
सरकार की जनता से अपील
मुख्यमंत्री कार्यालय ने सभी पात्र निवासियों से अपील की है कि वे इस सीमित समय की सुविधा का पूरा लाभ उठाएं। समय रहते अपनी संपत्ति का पंजीकरण करवाकर उसे पूरी तरह सुरक्षित और कानूनी बनाएं।
