माघी के पावन पर्व पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने श्री मुक्तसर साहिब का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारा श्री टुट्टी गंढी साहिब में माथा टेककर नमन किया और बाद में विशाल जनसमूह को संबोधित किया। माघी के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने सिख शहादत और बलिदान की परंपरा पर प्रकाश डाला।
श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूपों पर सरकार का रुख
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब के गुमशुदा स्वरूपों की बरामदगी को लेकर पंजाब सरकार की स्थिति दोहराई। उन्होंने कहा कि 169 स्वरूपों की बरामदगी किसी उपलब्धि का विषय नहीं, बल्कि सरकार का कर्तव्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आस्था से जुड़े मामलों में सरकार पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है।
महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा
सीएम मान ने माघी समागम के दौरान महिलाओं के लिए एक अहम घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य की हर महिला को हर महीने 1,000 रुपये देने की योजना को आगामी बजट में शामिल किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने जनता से किए गए अधिकतर वादे पूरे कर दिए हैं और शेष वादों को भी हर हाल में पूरा किया जाएगा।
ऐतिहासिक धरती और सिख बलिदान
मुख्यमंत्री ने मुक्तसर की पवित्र धरती को सिख इतिहास का गौरव बताते हुए कहा कि यह वही भूमि है जहां भाई महां सिंह जी के नेतृत्व में सिख योद्धाओं ने महान बलिदान दिया था। उन्होंने कहा कि आज भी यह धरती अन्याय के खिलाफ खड़े होने की प्रेरणा देती है और यहां एकत्र हुआ जनसमूह इसी श्रद्धा का प्रतीक है।
विपक्ष पर तीखा हमला
अपने भाषण में भगवंत मान ने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारें चुनाव के बाद जनता को भूल जाती थीं और केवल सत्ता की बारी का इंतजार करती थीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी का चुनाव चिह्न ‘झाड़ू’ राजनीतिक व्यवस्था की सफाई का प्रतीक बन चुका है, इसी वजह से पुरानी पार्टियां घबराई हुई हैं।
जनता सर्वोपरि, लोकतंत्र में विश्वास
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सबसे बड़ी ताकत है और लोग अब अवसरवादी राजनीति को पहचान चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि रैली में उमड़ा जनसैलाब सरकार की नीतियों और कामकाज पर जनता के भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने विपक्ष की रैलियों पर भी तंज कसते हुए कहा कि वहां लोगों की मौजूदगी नाममात्र की होती है।
रोजगार, सुरक्षा और जनसेवाएं
सीएम मान ने बताया कि अब तक 63,000 से अधिक युवाओं को पूरी तरह योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दी गई हैं। पंजाब पुलिस को मजबूत करने के लिए 10,000 से ज्यादा नए पुलिसकर्मी भर्ती किए जा रहे हैं। साथ ही राज्य में आम आदमी क्लीनिक, मुफ्त बिजली और नई लाइब्रेरियों जैसी सुविधाएं भी तेजी से बढ़ी हैं।
स्वास्थ्य, सड़क और विकास कार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि 881 आम आदमी क्लीनिकों से लोगों को मुफ्त इलाज मिल रहा है और जल्द ही 10 लाख रुपये तक की कैशलेस मुख्यमंत्री सेहत योजना शुरू होगी। उन्होंने बताया कि 49,000 किलोमीटर से ज्यादा सड़कों का काम चल रहा है और टोल प्लाजा बंद होने से लोगों की रोजाना बड़ी बचत हो रही है।
मनीष सिसोदिया का समर्थन
इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि पंजाब सरकार के कामों की पूरे देश में सराहना हो रही है। उन्होंने दावा किया कि लोगों ने एक बार फिर भगवंत मान के नेतृत्व में सरकार को मौका देने का मन बना लिया है।
