पंजाब विधानसभा से जुड़े एक विवाद को लेकर आम आदमी पार्टी के जनरल सेक्रेटरी और मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि विधानसभा में आए बैंड बजाने वाले कलाकार और मजदूर समुदाय के लोग मेहनतकश वर्ग का प्रतिनिधित्व करते हैं और उनका सम्मान होना चाहिए।
कांग्रेस नेता पर आरोप
बलतेज पन्नू ने कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा पर आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ नेताओं को मजदूर और दलित समुदाय से जुड़े लोगों की मौजूदगी भी स्वीकार नहीं होती। उन्होंने कहा कि इन कलाकारों को “अनऑथराइज्ड” कहना गलत है और इससे मेहनत करने वाले लोगों का अपमान होता है।
मेहनत करने वालों का सम्मान जरूरी
उन्होंने कहा कि मजदूर और कलाकार समाज का अहम हिस्सा हैं और उनका काम मेहनत और ईमानदारी पर आधारित है। उन्होंने गुरु नानक देव जी की सीख का जिक्र करते हुए कहा कि मेहनत की कमाई और श्रम का सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी है।
पन्नू ने कहा कि ऐसे लोगों को सम्मान देना चाहिए, क्योंकि यही लोग समाज की असली ताकत हैं और लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर वर्ग का सम्मान होना जरूरी है।
