यह घटना 1 मार्च की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार मिसाइल सीधे कार पर नहीं गिरी, लेकिन यह कार के काफी करीब आकर गिरी थी। विस्फोट के कारण आसपास के इलाके को नुकसान पहुंचा, लेकिन कार का मुख्य ढांचा काफी हद तक सुरक्षित रहा।
इस दौरान कार में कुल पांच लोग सवार थे। रिपोर्ट्स के अनुसार एक व्यक्ति को चोट आई, जबकि अन्य चार लोगों को मामूली चोटें लगीं। सबसे खास बात यह रही कि कार के अंदर बैठे लोगों को बड़ा नुकसान नहीं हुआ, क्योंकि कार का स्ट्रक्चर मजबूत बना रहा।
कार की सेफ्टी ने बचाई जान
हमले के बावजूद BYD Atto 3 में आग नहीं लगी और इसकी बैटरी सिस्टम में किसी भी तरह की तकनीकी समस्या या थर्मल रनअवे के संकेत नहीं मिले। इसके अलावा कार के A, B और C पिलर्स सुरक्षित रहे, जो वाहन की मजबूती और सुरक्षा को दर्शाते हैं।
हादसे के बाद भी कार के डोर हैंडल सामान्य तरीके से काम कर रहे थे, जिसकी वजह से कार में बैठे लोग आसानी से बाहर निकल पाए। यह घटना इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर लोगों के बीच भरोसा बढ़ाने वाली मानी जा रही है।
दुनिया की बड़ी EV कंपनियों में शामिल BYD
BYD आज दुनिया की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक वाहन कंपनियों में से एक मानी जाती है। कंपनी की कारें कई देशों में लोकप्रिय हो रही हैं। BYD Atto 3 को यूरो NCAP क्रैश टेस्ट में 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग भी मिल चुकी है, जो इसकी सुरक्षा क्षमता को साबित करती है।
भारत में भी उपलब्ध है यह कार
यह इलेक्ट्रिक कार भारत में भी उपलब्ध है और हाल ही में इसका नया अपडेटेड मॉडल लॉन्च किया गया है। इसमें 74.8 kWh का बड़ा बैटरी पैक दिया गया है, जो एक बार चार्ज होने पर करीब 510 किलोमीटर तक की रेंज देने में सक्षम है। इसके अलावा इसकी टॉप स्पीड लगभग 180 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जाती है।
सुरक्षा तकनीक पर बढ़ रहा भरोसा
इस घटना के बाद इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा तकनीक को लेकर चर्चा तेज हो गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि आधुनिक कारों में मजबूत बॉडी स्ट्रक्चर, एडवांस बैटरी सुरक्षा और डिजाइन यात्रियों की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाते हैं।
