पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ के तहत पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। अभियान के 377वें दिन पंजाब पुलिस ने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर कई नशा तस्करों को गिरफ्तार किया।
बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद
पंजाब पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने कार्रवाई करते हुए 64 ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया। इस दौरान पुलिस ने 13 किलोग्राम हेरोइन, 2.6 किलोग्राम अफीम और 443 नशीली गोलियां व कैप्सूल बरामद किए। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए की गई।
नशा छोड़ने के लिए लोगों को किया प्रेरित
पुलिस का अभियान केवल तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तक सीमित नहीं है। नशे के आदी लोगों को इस बुरी लत से बाहर निकालने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत 30 लोगों को नशामुक्ति और पुनर्वास केंद्रों में इलाज कराने के लिए प्रेरित किया गया।
नशा मुक्त पंजाब की दिशा में प्रयास
पंजाब पुलिस का कहना है कि राज्य को नशा मुक्त बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सख्त कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है, ताकि समाज को इस गंभीर समस्या से बचाया जा सके।
