पंजाब में खाद्य और पोषण सुरक्षा को नई मजबूती देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ‘मेरी रसोई योजना की ऐतिहासिक घोषणा की है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत राज्य के 40 लाख जरूरतमंद परिवारों को अप्रैल महीने से तिमाही आधार पर मुफ्त फूड किट वितरित की जाएगी। खास बात यह है कि यह किट राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मिलने वाले गेहूं से अलग होगी, जिससे लाभार्थियों को अतिरिक्त राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि हर परिवार तक पौष्टिक भोजन पहुंचाने की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार जनकल्याण योजनाओं के लिए संसाधन जुटाना भली-भांति जानती है और पूरी पारदर्शिता व ईमानदारी से इन्हें लागू कर रही है। आने वाले लोकहितैषी बजट में भी समाज के हर वर्ग के लिए और अधिक कल्याणकारी कदम उठाए जाएंगे।
योजना के तहत प्रत्येक फूड किट में दो किलो दाल, दो किलो चीनी, एक किलो नमक, 200 ग्राम हल्दी पाउडर और एक लीटर सरसों का तेल शामिल होगा। यह सामग्री एक परिवार की मासिक खपत को ध्यान में रखते हुए तय की गई है, ताकि जरूरतमंद परिवारों को रसोई संबंधी आवश्यक वस्तुओं की चिंता न करनी पड़े।
मुख्यमंत्री ने पंजाब के किसानों के योगदान को भी याद किया और कहा कि राज्य ने हमेशा देश का पेट भरने में अग्रणी भूमिका निभाई है। अब समय है कि राज्य के हर जरूरतमंद परिवार को भी खाद्य सुरक्षा का मजबूत कवच दिया जाए। ‘मेरी रसोई योजना इसी दिशा में एक ठोस कदम है।
इस योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए मार्कफेड को नोडल एजेंसी नियुक्त किया गया है, जबकि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा किटों की सप्लाई सुनिश्चित की जाएगी। सरकार ने वितरण प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए मजबूत व्यवस्था तैयार की है।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी खाद्य वस्तुओं की सख्त जांच होगी और किसी भी शिकायत पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अप्रैल से शुरू होकर हर तिमाही में इन किटों का वितरण किया जाएगा, जिससे लाखों परिवारों को सीधी राहत मिलेगी और पंजाब में पोषण सुरक्षा को नई दिशा मिलेगी।
