पंजाब में बिजली कटौती की समस्या को जड़ से समाप्त करने के लिए पंजाब ने ‘रोशन पंजाब’ योजना का अनावरण किया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में शुरू की गई यह महत्वाकांक्षी पहल अगले वर्ष तक पूरे राज्य में 24 घंटे निर्बाध और सस्ती बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखती है। यह मिशन पंजाब के हर घर, खेत और उद्योग को स्थायी रूप से रोशन करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
इस परियोजना के लिए सरकार ने ₹5,000 करोड़ का बड़ा निवेश तय किया है, जो राज्य के बिजली क्षेत्र में अब तक का सबसे बड़ा व्यय है। इस निवेश का मुख्य उद्देश्य बिजली उत्पादन, ट्रांसमिशन और वितरण प्रणाली को आधुनिक और मजबूत बनाना है, ताकि गांवों और शहरों में बिना किसी रुकावट के बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
‘रोशन पंजाब’ योजना के तहत पुराने ढांचे का उन्नयन, नए सब-स्टेशनों की स्थापना, ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता बढ़ाना और स्मार्ट मॉनिटरिंग सिस्टम लागू करना शामिल है। इससे न केवल बिजली कटौती कम होगी, बल्कि लाइन लॉस और तकनीकी खामियों में भी उल्लेखनीय कमी आएगी। किसानों को सिंचाई के लिए समय पर बिजली, उद्योगों को निरंतर आपूर्ति और घरेलू उपभोक्ताओं को राहत मिलना इस योजना की प्रमुख प्राथमिकताएं हैं।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा है कि यह पहल केवल बिजली आपूर्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि पंजाब के आर्थिक और सामाजिक विकास की मजबूत नींव है। निरंतर और सस्ती बिजली से उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और ग्रामीण क्षेत्रों में भी विकास की नई रफ्तार आएगी।
‘रोशन पंजाब’ वास्तव में एक ऐसा विजन है, जो राज्य को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में निर्णायक साबित होगा।
