अमेरिका की टेक कंपनी Oracle Corporation में हाल ही में हुई बड़ी छंटनी के बाद काम का माहौल बदलता नजर आ रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस छंटनी से दुनियाभर में करीब 30,000 कर्मचारी प्रभावित हुए हैं। अब कंपनी में बचे कर्मचारियों पर काम का दबाव बढ़ने की खबरें सामने आ रही हैं।
रेडिट पोस्ट ने खींचा ध्यान
इसी बीच एक कथित Oracle कर्मचारी की पोस्ट Reddit पर वायरल हो गई है। इस पोस्ट में कर्मचारियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी काम की सीमाएं तय करें और जरूरत से ज्यादा काम न करें। पोस्ट में बताया गया कि कम कर्मचारियों के साथ काम करने की वजह से अब सभी पर अतिरिक्त जिम्मेदारी आ गई है।
कम स्टाफ, ज्यादा जिम्मेदारी
पोस्ट के अनुसार, एक टीम मीटिंग में सीनियर डायरेक्टर ने कहा कि अब कम कर्मचारियों के साथ ही काम करना होगा। ऐसे में कर्मचारियों को अपनी दक्षता बढ़ानी होगी और जरूरत पड़ने पर ज्यादा मेहनत करनी होगी। इसका मतलब यह निकाला जा रहा है कि जो कर्मचारी बचे हैं, उन्हें हटाए गए कर्मचारियों का काम भी संभालना पड़ सकता है।
यूजर्स ने साझा किए अनुभव
इस पोस्ट के वायरल होने के बाद कई लोगों ने अपने अनुभव साझा किए। अलग-अलग कंपनियों में काम करने वाले यूजर्स ने बताया कि छंटनी के बाद अक्सर बाकी कर्मचारियों पर काम का बोझ बढ़ा दिया जाता है। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि ऐसे माहौल में अतिरिक्त काम से मना करना आसान नहीं होता।
नौकरी से निकालने के तरीके पर सवाल
कुछ कर्मचारियों ने छंटनी के तरीके पर भी नाराजगी जताई है। कई लोगों का कहना है कि लंबे समय से काम कर रहे कर्मचारियों को भी सिर्फ एक ईमेल के जरिए नौकरी से निकाल दिया गया, जो सही तरीका नहीं है।
सीनियर कर्मचारियों पर ज्यादा असर
एक पूर्व कर्मचारी से जुड़ी पोस्ट में दावा किया गया कि छंटनी पूरी तरह रैंडम नहीं थी। इसमें सीनियर और मिड-लेवल मैनेजरों को ज्यादा प्रभावित किया गया। साथ ही यह भी कहा गया कि जिन कर्मचारियों के पास ज्यादा स्टॉक ऑप्शन थे, उन्हें हटाकर कंपनी अपने खर्च कम करना चाहती है।
AI पर बढ़ रहा फोकस
रिपोर्ट्स के मुताबिक Oracle अब अपने बिजनेस को ज्यादा कुशल बनाने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने की योजना पर काम कर रही है। इसी रणनीति के तहत कंपनी में यह बड़े बदलाव किए जा रहे हैं।
