पंजाब के मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने 4 दिवसीय ‘शुक्राना यात्रा’ का समापन शहीदों की पवित्र धरती फतेहगढ़ साहिब में श्रद्धांजलि अर्पित करके किया। यह यात्रा श्री आनंदपुर साहिब से शुरू हुई थी और कई धार्मिक स्थलों से गुजरते हुए फतेहगढ़ साहिब पहुंची। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा उस अकालपुरख का धन्यवाद करने के लिए निकाली गई, जिसने उनकी सरकार को बेअदबी के खिलाफ सख्त कानून बनाने की शक्ति दी।
संगत का जताया आभार
CM मान ने भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में शामिल हुई संगत का दिल से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि लोगों का प्यार और गुरु साहिब में उनकी आस्था इस यात्रा की सबसे बड़ी ताकत रही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फतेहगढ़ साहिब में उमड़ी भीड़ ने यह साबित कर दिया कि पंजाब के लोग गुरु साहिब की मर्यादा और भाईचारे की रक्षा के लिए हमेशा एकजुट रहते हैं।
बेअदबी कानून पर फिर दिया बड़ा बयान
भगवंत मान ने कहा कि ‘जगत ज्योत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार एक्ट 2026’ को अब राज्यपाल की मंजूरी भी मिल चुकी है। उन्होंने बताया कि यह कानून सिख विद्वानों और कानूनी विशेषज्ञों की सलाह से तैयार किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कानून के लागू होने के बाद बेअदबी करने वाला कोई भी दोषी बच नहीं पाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कानून वापस लेने की बातें केवल अफवाह हैं। CM मान ने कहा कि जो लोग इस कानून का विरोध कर रहे हैं, वे वास्तव में गुरु साहिब की मर्यादा के खिलाफ खड़े हैं।
केंद्र सरकार पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़, SYL, BBMB जैसे मुद्दों पर लगातार राज्य पर दबाव बनाया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ED और CBI जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए किया जा रहा है। CM मान ने कहा कि पंजाब की धरती पर हर बीज उग सकता है, लेकिन नफरत का बीज यहां कभी नहीं उगेगा।
‘रंगले पंजाब’ के लिए काम जारी रहेगा
भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार सभी धर्मों का सम्मान करते हुए भाईचारे और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि “रंगले पंजाब” के सपने को पूरा करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि गुरु साहिब का आशीर्वाद और पंजाबियों का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
