Punjab Police ने गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ अपना विशेष अभियान ‘गैंगस्ट्रां ते वार’ लगातार जारी रखा हुआ है। अभियान के 111वें दिन पंजाब पुलिस ने AGTF पंजाब के साथ मिलकर पूरे राज्य में बड़े स्तर पर कार्रवाई की। पुलिस ने चिन्हित स्थानों पर एक साथ कई छापेमारी अभियान चलाए।
484 छापे, 238 लोग हिरासत में
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, इस कार्रवाई के दौरान कुल 484 जगहों पर छापे मारे गए। इस दौरान 238 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनसे पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा 3 उद्घोषित अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया है, जो लंबे समय से फरार चल रहे थे।
हथियार भी हुआ बरामद
अभियान के दौरान पुलिस ने एक हथियार भी बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राज्य में गैंगस्टर गतिविधियों को खत्म करने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पंजाब पुलिस का दावा है कि अपराधियों पर दबाव लगातार बढ़ाया जा रहा है।
अब तक 28 हजार से ज्यादा गिरफ्तारियां
पुलिस के मुताबिक, ‘गैंगस्ट्रां ते वार’ अभियान शुरू होने के बाद अब तक कुल 28,336 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। पंजाब पुलिस ने लोगों से अपील की है कि गैंगस्टरों से जुड़ी किसी भी जानकारी को एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर गुमनाम तरीके से साझा किया जा सकता है।
