CM Bhagwant Mann ने दिल्ली में केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री Nitin Gadkari के साथ अहम बैठक की। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब से जुड़े कई लंबे समय से अटके मुद्दों पर चर्चा हुई और कई परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
बल्लां और भवानीगढ़ फ्लाईओवर पर बड़ा अपडेट
मुख्यमंत्री के अनुसार, अमृतसर के बल्लां फ्लाईओवर का काम जल्द पूरा करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अलावा ज़ीरकपुर-बठिंडा हाईवे पर बन रहे भवानीगढ़ फ्लाईओवर को भी जल्द पूरा करने पर सहमति बनी है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
फिरोजपुर-फाजिल्का हाईवे बनेगा नेशनल हाईवे
बैठक में फिरोजपुर-फाजिल्का सड़क को नेशनल हाईवे बनाने का भी फैसला लिया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस हाईवे की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी, जिससे इलाके में बेहतर कनेक्टिविटी और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। स्थानीय लोगों को भी सफर में बड़ी सुविधा मिलने की संभावना है।
माखू और आदमपुर ओवरब्रिज पर भी फैसला
CM मान ने कहा कि माखू ओवरब्रिज का काम जल्द पूरा किया जाएगा, जिससे लंबे समय से चली आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या खत्म होगी। इसके अलावा आदमपुर ओवरब्रिज परियोजना में ठेकेदार के भुगतान को लेकर भी जरूरी निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि काम में देरी न हो।
