पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लुधियाना से राज्य स्तरीय ‘सूरमा’ अभियान की शुरुआत की। यह अभियान नशे के खिलाफ चल रही राज्य सरकार की मुहिम का हिस्सा है। सरकार का उद्देश्य इस पहल के माध्यम से नशा मुक्त, समृद्ध और खुशहाल पंजाब का निर्माण करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के युवाओं की भागीदारी इस अभियान को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।
नशा छोड़ चुके युवाओं का किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उन युवाओं को सम्मानित किया, जिन्होंने कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ नशे की लत को छोड़कर सामान्य जीवन की ओर वापसी की है। उन्होंने इन युवाओं को समाज के लिए प्रेरणा बताते हुए कहा कि उनकी सफलता की कहानियां दूसरे युवाओं में भी नई उम्मीद जगाएंगी।
दूसरे युवाओं को करेंगे प्रेरित
‘सूरमा’ अभियान के तहत नशे से बाहर निकल चुके युवा अब नशे की लत से जूझ रहे अन्य लोगों को भी जागरूक करेंगे। वे अपने अनुभव साझा कर उन्हें नशा छोड़ने, पुनर्वास अपनाने और सामान्य जीवन की ओर लौटने के लिए प्रेरित करेंगे। सरकार का मानना है कि इस तरह की सकारात्मक पहल से राज्य में नशा मुक्त वातावरण बनाने में मदद मिलेगी।
