पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कादियां में आयोजित कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से उठ रही मांग को पूरा करते हुए कादियां को अब सब-डिवीजन बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें माझा की बहादुर धरती और कादियां के लोगों से भरपूर प्यार और समर्थन मिला है।
एक ही परिसर में मिलेंगी कई सरकारी सेवाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि नए सब-डिवीजन के तहत एसडीएम, डीएसपी और एडीसी के कार्यालय एक ही आधुनिक भवन में संचालित किए जाएंगे। इससे लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और प्रशासनिक सेवाएं पहले से अधिक आसान और तेज़ी से उपलब्ध होंगी।
विकास और जनसेवा पर जोर
भगवंत मान ने कहा कि कादियां क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए सरदार गुरइकबाल सिंह माहल को नया सेवक बनाया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य क्षेत्र में विकास कार्यों को तेज करना और लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना है। उन्होंने यह भी कहा कि पुराने समय की राजनीति और भ्रष्टाचार को पीछे छोड़कर अब जनहित में काम किया जा रहा है।
सरकार की योजनाओं का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य में 90 प्रतिशत घरों के बिजली बिल शून्य आ रहे हैं। इसके अलावा 47 लाख परिवारों के लगभग 10 लाख लोगों के लिए मुफ्त मेडिकल कार्ड भी बनाए जा चुके हैं। उन्होंने लोगों से मिलकर एक बार फिर खुशहाल और समृद्ध ‘रंगला पंजाब’ के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।
