पंजाब पुलिस ने ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान के 503वें दिन भी नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखी। अभियान के तहत राज्य के अलग-अलग जिलों में छापेमारी कर 64 कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि राज्य में नशे के कारोबार को खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
हेरोइन, नशीली गोलियां और नकदी बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 1.6 किलोग्राम हेरोइन, 118 नशीली गोलियां और 3.79 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।
नशा छोड़ने के लिए किया प्रेरित
पंजाब पुलिस ने कार्रवाई के साथ-साथ नशा मुक्ति पर भी जोर दिया। अभियान के दौरान 7 लोगों की काउंसलिंग की गई और उन्हें नशा छोड़कर डी-एडिक्शन और पुनर्वास केंद्रों में इलाज कराने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी पर सख्ती और नशा पीड़ितों के पुनर्वास की यह दोहरी रणनीति राज्य को नशामुक्त बनाने की दिशा में लगातार जारी रहेगी।
