दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके पर एक महिला ने स्याही फेंक दी। यह घटना उस समय हुई जब दीपके मंच से प्रदर्शनकारियों को संबोधित कर रहे थे। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद समर्थकों और पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभाला। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सोनम वांगचुक के समर्थन में चल रहा है आंदोलन
अभिजीत दीपके इन दिनों पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में चल रहे आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हैं। वांगचुक को हाल ही में उनकी भूख हड़ताल के दौरान स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए दिल्ली पुलिस अस्पताल ले गई थी। इसके बाद दीपके ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया और आंदोलन को जारी रखने की बात कही।
महिला की पहचान और मकसद पर जांच
स्याही फेंकने वाली महिला की पहचान और उसके मकसद को लेकर पुलिस जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के बाद वहां कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर हालात को नियंत्रण में कर लिया। अभी तक पुलिस की ओर से महिला के उद्देश्य को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
संसद मार्च की तैयारी के बीच बढ़ी हलचल
यह घटना ऐसे समय हुई है जब आंदोलनकारी 20 जुलाई को प्रस्तावित ‘चलो संसद’ मार्च की तैयारी कर रहे हैं। सोनम वांगचुक को अस्पताल भेजे जाने के बाद आंदोलन और तेज हो गया है। अभिजीत दीपके ने पहले ही कहा है कि उनकी भूख हड़ताल जारी रहेगी और आंदोलन तब तक चलता रहेगा, जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती। जंतर-मंतर पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
