पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के 506वें दिन भी पंजाब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। राज्यभर में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने 87 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। सरकार और पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार को पूरी तरह खत्म करने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा।
हेरोइन, नशीली गोलियां और ड्रग मनी बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 673 ग्राम हेरोइन, 1,200 नशीली गोलियां और 9,170 रुपये की ड्रग मनी बरामद की। पुलिस ने जब्त किए गए नशीले पदार्थों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आरोपियों से पूछताछ कर नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
नशा छोड़ने के लिए किया गया प्रेरित
अभियान के दौरान पंजाब पुलिस ने केवल कार्रवाई ही नहीं की, बल्कि 18 लोगों को नशे की लत छोड़ने के लिए प्रेरित भी किया। उन्हें काउंसलिंग दी गई और नशा मुक्ति व पुनर्वास केंद्रों में इलाज कराने के लिए तैयार किया गया। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ लड़ाई में सख्त कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को नई जिंदगी देने का प्रयास भी जारी रहेगा।
