पंजाब में मान सरकार और पंजाब पुलिस द्वारा चलाया जा रहा ‘गैंगस्टरों पर वार’ अभियान लगातार तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। पुलिस द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, पिछले छह महीनों में राज्यभर में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 50,930 गैंगस्टरों, अपराधियों और उनके सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया है। इस अभियान का मकसद संगठित अपराध, रंगदारी और गैंगस्टर नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करना है।
राज्यभर में 96 हजार से ज्यादा छापेमारी
पंजाब पुलिस ने बताया कि अभियान के तहत राज्य के अलग-अलग जिलों में 96,964 छापेमारी की गई। इन कार्रवाईयों के दौरान कई अपराधियों को गिरफ्तार किया गया और उनके नेटवर्क की पहचान कर आगे की जांच शुरू की गई। पुलिस आधुनिक तकनीक और खुफिया सूचनाओं की मदद से गैंगस्टरों के पूरे नेटवर्क पर लगातार नजर बनाए हुए है।
रंगदारी और गैंगस्टर नेटवर्क पर फोकस
पुलिस का कहना है कि अभियान के दौरान रंगदारी, संगठित अपराध, अवैध हथियारों और गैंगस्टर गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क और उनके सहयोगियों तक पहुंचकर पूरे गिरोह को कमजोर करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य पंजाब में सुरक्षित माहौल कायम रखना और आम लोगों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।
लोगों से सहयोग की अपील
पंजाब पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपराध के खिलाफ इस लड़ाई में भागीदार बनें। यदि किसी को गैंगस्टर गतिविधियों, रंगदारी या किसी संदिग्ध आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिले, तो तुरंत एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
अपराध के खिलाफ इस लड़ाई में पंजाब पुलिस का साथ दें।
गैंगस्टर गतिविधियों या रंगदारी से जुड़ी किसी भी जानकारी की सूचना एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर दें। आपकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। सतर्क रहें और सुरक्षित पंजाब बनाने में अपना योगदान दें।
