पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान राजपुरा, पटियाला में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ में शामिल हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में पहुंचे और भगवान शिव की भक्ति में लीन नजर आए। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर धार्मिक आयोजन का हिस्सा बने और शिव भक्ति के इस माहौल को आध्यात्मिक और सुकून देने वाला बताया।
श्रद्धालुओं की मौजूदगी से दिखा भक्ति का माहौल
कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की बड़ी भीड़ देखने को मिली। भजन, धार्मिक वातावरण और भगवान शिव के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में संगत को शिव भक्ति में शामिल होते देखकर उन्हें बेहद खुशी और मन को शांति मिली।
‘पंजाब में नफरत की कोई जगह नहीं’
भगवंत मान ने अपने संबोधन में पंजाब की आपसी भाईचारे और एकता को प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि पंजाब की धरती पर हर तरह का बीज उग सकता है, लेकिन नफरत का बीज यहां कभी नहीं उग सकता। उन्होंने लोगों के बीच आपसी प्रेम और सद्भाव बनाए रखने पर जोर दिया।
‘रंगला पंजाब’ बनाने का सपना
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब को फिर से खुशहाल और समृद्ध बनाने का सपना है। उन्होंने कहा कि लोगों की एकता और आपसी भाईचारे के साथ पंजाब को दोबारा ‘रंगला पंजाब’ बनाया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान धार्मिक आस्था और पंजाब की एकता का संदेश प्रमुखता से सामने आया। उन्होंने ‘हर-हर महादेव’ का जयघोष भी किया।
