पंजाब की भगवंत मान सरकार के मिशन क्लीन पंजाब के दूसरे चरण के तहत पठानकोट के सरना इलाके में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। 10 दिवसीय राज्य स्तरीय सफाई मुहिम के तहत कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक ने वार्ड नंबर 45 सरना में पहुंचकर अभियान की कमान संभाली।
सफाई के साथ लोगों से सीधा संवाद
अभियान के दौरान इलाके में सफाई कार्य करवाए गए और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने पर जोर दिया गया। मंत्री ने स्थानीय स्तर पर सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए लोगों से भी बातचीत की और उन्हें अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया।
मंत्री बोले- जनता की भागीदारी जरूरी
लाल चंद कटारूचक ने कहा कि पंजाब को साफ-सुथरा बनाने का काम केवल सरकारी मशीनरी के भरोसे पूरा नहीं हो सकता। इसके लिए लोगों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि अगर हर नागरिक अपने घर और आसपास के क्षेत्र में सफाई का ध्यान रखे, तो इसका असर पूरे शहर और राज्य पर दिखाई देगा।
सफाई बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी
मंत्री ने लोगों से अपील की कि वे कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और सार्वजनिक जगहों पर गंदगी फैलाने से बचें। उन्होंने कहा कि सफाई को लगातार बनाए रखना सरकार और जनता की साझा जिम्मेदारी है। मिशन क्लीन पंजाब के तहत सरना समेत पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में सफाई गतिविधियां जारी हैं।
