चंडीगढ़, 11 नवंबर:
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने छठ पूजा को लेकर राज्य के अधिकारियों को सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब भर में छठ पूजा मनाने के लिए 104 स्थानों की पहचान की गई है। इन सभी स्थानों पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए व्यापक प्रबंध किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए सिविल और पुलिस प्रशासन को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
104 स्थानों पर होंगे विशेष इंतजाम
मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ पूजा श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक महत्व से जुड़ा पवित्र त्योहार है। इसे देखते हुए राज्य के 104 चिन्हित स्थानों पर सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। जल स्रोतों में जरूरत के अनुसार ताजा पानी डाला जाएगा। बड़े शहरों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उचित घाटों का निर्माण और विकास किया जाएगा।
इसके अलावा सभी पूजा स्थलों पर सफाई अभियान चलाने, पर्याप्त रोशनी और अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
घाटों पर तैनात होंगे लाइफगार्ड और पुलिसकर्मी
छठ पूजा के दौरान जल स्रोतों के किनारे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के एकत्रित होने को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को पर्याप्त संख्या में लाइफगार्ड तैनात करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही घाटों पर बैरिकेडिंग, रस्सियों की व्यवस्था, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
जरूरत पड़ने पर NDRF और SDRF की टीमें संभालेंगी मोर्चा
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की विशेष टीमों की सहायता लेने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी आवश्यकता हो, इन टीमों को तैनात किया जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई हो सके।
अधिकारियों की तय होगी जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी समय रहते निर्धारित करने को कहा। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को स्वयं तैयारियों की निगरानी करने के निर्देश दिए।
बैठक में कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा और हरदीप सिंह मुंडियां, मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव डॉ. रवि भगत, विशेष डीजीपी पी.के. सिन्हा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में सभी धर्मों और समुदायों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना सरकार की जिम्मेदारी है। छठ पूजा सहित सभी त्योहार आपसी सद्भाव, भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में मनाए जाने चाहिए।
