चंडीगढ़: पंजाब के युवाओं को ज्ञान, शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य स्तरीय क्विज प्रतियोगिता ‘पंजाब दा करोड़पति’ की शुरुआत की है। इस अनूठी पहल के तहत प्रतियोगिता जीतने वाले युवा को 1 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा चार उप-विजेताओं को 10-10 लाख रुपये और लीडरबोर्ड में जगह बनाने वाले आठ अन्य प्रतिभागियों को 5-5 लाख रुपये मिलेंगे। सरकार के मुताबिक, कुल 10,000 प्रतिभागियों को अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार देने की योजना है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना और उन्हें पढ़ाई तथा सरकारी नौकरियों की तैयारी के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि पंजाब के युवाओं के हाथों में किताबें हों, क्योंकि युवाओं की सफलता ही पंजाब की असली प्रगति है। सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।
15 से 30 साल के युवा ले सकेंगे हिस्सा
‘पंजाब दा करोड़पति’ प्रतियोगिता में पंजाब के सभी 23 जिलों के 15 से 30 वर्ष की आयु के युवा हिस्सा ले सकेंगे। इसके लिए पात्रता की अंतिम तारीख 1 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता में पंजाब के इतिहास, भूगोल, कला, संस्कृति, सामान्य ज्ञान, करंट अफेयर्स, गणित, एप्टीट्यूड और शासन व्यवस्था से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे।
प्रश्नों का स्वरूप बहुविकल्पीय होगा। प्रत्येक सवाल के चार विकल्प होंगे और प्रतिभागियों को सही जवाब चुनना होगा। हर सवाल का जवाब देने के लिए 20 सेकंड का समय मिलेगा। प्रश्न बैंक में करीब 50 हजार सवाल शामिल किए जाएंगे। इनका स्तर कांस्टेबल, पटवारी और पीसीएस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के पैटर्न को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा।
11 राउंड में होगी प्रतियोगिता, 17 दिसंबर को ग्रैंड फिनाले
इस प्रतियोगिता को कुल 11 राउंड में आयोजित किया जाएगा। पहले नौ राउंड ऑनलाइन होंगे, जबकि दसवां राउंड जिला स्तर पर और 11वां राउंड राज्य स्तरीय ग्रैंड फिनाले होगा।
ऑनलाइन क्विज राउंड 21, 23, 25, 27 और 29 नवंबर तथा 1, 3, 5 और 7 दिसंबर को आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक जिले के शीर्ष 10 प्रतिभागी जिला स्तरीय मुकाबले के लिए क्वालीफाई करेंगे। इसके बाद 9 दिसंबर को सभी 23 जिलों में जिला स्तरीय फाइनल होगा। प्रत्येक जिले का विजेता 17 दिसंबर को होने वाले ग्रैंड फिनाले में हिस्सा लेगा।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले युवाओं को तैयारी के लिए मॉक क्विज की सुविधा भी मिलेगी, ताकि वे वास्तविक मुकाबले से पहले डिजिटल प्लेटफॉर्म और सवालों के प्रारूप को समझ सकें।
15 से 28 नवंबर तक रजिस्ट्रेशन
प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 15 नवंबर से शुरू होकर 28 नवंबर 2026 तक चलेगा। युवा आधिकारिक मोबाइल ऐप या वेब पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन, ओटीपी सत्यापन और पहचान संबंधी जानकारी दर्ज करनी होगी। इसके बाद प्रतिभागियों को अपना जिला चुनना होगा।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रदेश के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह केवल नकद पुरस्कार जीतने का मौका नहीं, बल्कि अपने ज्ञान को बढ़ाने और भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए खुद को तैयार करने का भी शानदार मंच है।
