पंजाब के युवाओं को आधुनिक तकनीक और रोजगार के लिए तैयार करने की दिशा में मान सरकार ने नई पहल शुरू की है। शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि खूनिमाजरा (खरड़), तलवाड़ा, बडबर, फिरोजपुर और बठिंडा के पॉलिटेक्निक कॉलेजों में इनोवेशन लैब शुरू की गई हैं। इन लैब को तैयार करने पर करीब ₹1.5 करोड़ खर्च किए गए हैं।
इंडस्ट्री की जरूरत के हिसाब से होंगे कोर्स
सरकार अब पॉलिटेक्निक कॉलेजों और ITI में ऐसे नए कोर्स शुरू करने पर जोर दे रही है, जिनकी मांग उद्योगों में ज्यादा है। शिक्षा मंत्री के मुताबिक, इसका उद्देश्य युवाओं के कौशल को सीधे रोजगार की जरूरतों से जोड़ना है।
ट्रेनिंग के दौरान ₹5 हजार महीना
हरजोत बैंस ने बताया कि छात्रों को 4 महीने की इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग के दौरान हर महीने ₹5,000 का स्टाइपेंड दिया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि ट्रेनिंग पूरी करने वाले छात्रों को कम से कम ₹20,000 प्रति माह की नौकरी मिल सके।
CNC और 3D प्रिंटिंग जैसे नए कोर्स
कम मांग वाले पुराने कोर्स की जगह अब युवाओं को आधुनिक तकनीक से जुड़े विकल्प दिए जा रहे हैं। इनमें CNC और 3D प्रिंटिंग जैसे कोर्स शामिल हैं। सरकार का फोकस उद्योगों को कुशल कर्मचारी उपलब्ध कराने और युवाओं के लिए रोजगार के बेहतर अवसर तैयार करने पर है।
