कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा के एक कथित बयान को लेकर पंजाब की राजनीति में विवाद खड़ा हो गया है। आम आदमी पार्टी पंजाब के विधायक और मुख्य प्रवक्ता कुलदीप सिंह धालीवाल ने हुड्डा के बयान की कड़ी आलोचना की है। धालीवाल का दावा है कि हुड्डा ने 1984 के सिख विरोधी दंगों के मामले में दोषी ठहराए गए सज्जन कुमार को अपना रोल मॉडल बताया।
AAP ने की पार्टी से निकालने की मांग
कुलदीप धालीवाल ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मांग की कि दीपेंद्र हुड्डा के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए और उन्हें पार्टी से बाहर किया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान सिख समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले हैं।
पंजाब कांग्रेस से भी उठाई आवाज
AAP नेता ने पंजाब कांग्रेस के नेताओं से भी इस मामले में खुलकर प्रतिक्रिया देने की मांग की। उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस के नेताओं को हुड्डा के बयान का विरोध करते हुए पार्टी नेतृत्व से उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग करनी चाहिए।
चुप्पी पर भी उठाए सवाल
धालीवाल ने कहा कि पंजाब कांग्रेस के नेताओं की चुप्पी को भी गंभीरता से देखा जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर पार्टी के नेता इस मुद्दे पर आवाज नहीं उठाते, तो इसे सिख विरोधी हिंसा के दोषियों के प्रति समर्थन के तौर पर देखा जा सकता है। हालांकि, हुड्डा के कथित बयान और पूरे विवाद पर कांग्रेस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।
