पंजाब यूनिवर्सिटी में करंट लगने से एक छात्रा की मौत के बाद आम आदमी पार्टी के छात्र संगठन ASAP ने विश्वविद्यालय प्रशासन से जवाब मांगा है। छात्र संगठन ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।
प्रशासन की जवाबदेही तय करने की मांग
ASAP ने सवाल उठाया कि क्या विश्वविद्यालय प्रशासन गंभीर घटनाओं के बाद ही सक्रिय होता है। संगठन ने कहा कि केवल पीड़ित परिवार को मुआवजा देना पर्याप्त समाधान नहीं है, बल्कि इस घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। छात्र संगठन ने VC और रजिस्ट्रार से पूरे मामले पर स्पष्ट जवाब देने की मांग की है।
सुरक्षित परिसर की जरूरत पर जोर
छात्र संगठन ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाना चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। संगठन का कहना है कि छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ सुरक्षित वातावरण मिलना भी उतना ही आवश्यक है।
पंजाब को विश्वविद्यालय सौंपने की मांग
ASAP ने यह भी कहा कि यदि वर्तमान प्रशासन विश्वविद्यालय का प्रभावी संचालन और विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सक्षम नहीं है, तो पंजाब यूनिवर्सिटी का प्रबंधन पंजाब सरकार को सौंपने पर विचार किया जाना चाहिए। संगठन ने मांग की कि इस घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए और परिसर में सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू किया जाए।
