पंजाब के तरणतारन विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज़ हो गई हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज तरणतारन में बड़े रोड शो का आयोजन किया, जिसकी शुरुआत उन्होंने गांव कोट धर्म चंद कला से की। इस दौरान ‘आप’ उम्मीदवार हरमीत सिंह सिद्धू के समर्थन में भारी भीड़ उमड़ी। इससे पहले भी मुख्यमंत्री मान 26 अक्टूबर और एक दिन पहले तरणतारन में रोड शो कर चुके हैं, जिससे यहां का माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंग गया है।
लोगों से किया ‘आप’ उम्मीदवार को जिताने का आह्वान
रोड शो के दौरान भगवंत मान ने लोगों से हरमीत सिंह सिद्धू को जिताने की अपील की। उनके साथ बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे। रोड शो कोट धर्म चंद कला से शुरू होकर किला कवि संतोक सिंह, भोजियां और झामके कला तक निकला। रास्ते भर लोगों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री मान ने अपने संबोधन में कहा कि पिछली सरकारों ने तरणतारन के लोगों को विकास से वंचित रखा और क्षेत्र को किस्मत के भरोसे छोड़ दिया। उन्होंने कहा — “हमने जनता के बच्चों का भविष्य, घरों के चूल्हे और युवाओं के रोजगार की जिम्मेदारी ली है, और इसे पूरी ईमानदारी से निभा रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि “एक तरफ हैं लड़ाई वाले, और दूसरी तरफ पढ़ाई वाले। विपक्षियों की जीत युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ होगी, जबकि हमारी जीत बच्चों का भविष्य सुरक्षित करेगी।”
‘नशा-मुक्त और रोजगार वाला पंजाब’ का वादा
भगवंत मान ने कहा कि एक ओर वो लोग हैं जिन्होंने क्षेत्र को नशे और गैंगस्टरवाद की ओर धकेला, और दूसरी ओर हम हैं जो युवाओं को रोजगार देकर उन्हें बचा रहे हैं। उन्होंने कहा, “आपका जोश और समर्थन बता रहा है कि 11 नवंबर को आप झाड़ू का बटन दबाकर विकास की राह चुनेंगे।”
जनता के विकास कार्यों की समीक्षा का वादा
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे चुनाव प्रचार के साथ-साथ गांवों के विकास कार्यों का भी जायज़ा लेने आए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जो भी काम अधूरे हैं, उन्हें जल्द पूरा किया जाएगा। “हम लोगों के मांगपत्रों पर ध्यान देंगे और जो काम सालों से अटके हैं, उन्हें घंटों में पूरा करेंगे,” उन्होंने कहा।
उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार ने लोगों की स्वास्थ्य सुविधा को प्राथमिकता देते हुए हेल्थ कार्ड योजना शुरू की है, जिसके तहत 10 लाख रुपये तक का इलाज मुफ्त होगा।
खेल और शिक्षा को दी जाएगी प्राथमिकता
मान ने कहा कि तरणतारन के भोजियां गांव में जल्द ही एक खेल मैदान बनाया जाएगा, ताकि युवाओं को खेलों में प्रोत्साहन मिल सके। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में पंजाब को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।
सीएम मान ने कहा:
“हमने पंजाब के लोगों को नशे से निकालकर शिक्षा और रोजगार की राह पर लाने का बीड़ा उठाया है। हमें भरोसा है कि तरणतारन के समझदार मतदाता विकास की राह चुनेंगे।”
