चंडीगढ़ से एक बड़ी खबर सामने आई है। सेक्टर-17 स्थित परेड ग्राउंड के पास चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सीटीयू) की एक बस हादसे का शिकार हो गई। बस का नंबर 28 रूट का था और इसमें करीब 20 यात्री सवार थे।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
जानकारी के मुताबिक, बस मनीमाजरा से सेक्टर-17 बस स्टैंड की ओर आ रही थी। इस दौरान अचानक बस की रफ्तार तेज हो गई और चालक बस पर संतुलन नहीं रख पाया। नतीजतन, बस साइकिल ट्रैक पर चढ़कर पलट गई।
यात्रियों को अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे में कई यात्री घायल हो गए। घायलों को तुरंत पास के सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल, किसी गंभीर हताहत की खबर सामने नहीं आई है।
मौके पर मची अफरा-तफरी
बस के पलटते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों की मदद की और एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं और मामले की जांच की जा रही है।
