पंजाब सरकार ने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में 311 नई नर्सों की भर्ती को मंजूरी दे दी गई। सरकार का मानना है कि नई नर्सों की नियुक्ति से अस्पतालों में मरीजों को बेहतर और तेज़ चिकित्सा सुविधाएँ मिल सकेंगी।
सी.डी.पी.ओ. की 16 खाली पदों पर बहाली
कैबिनेट ने महिलाओं और बच्चों से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए एक और महत्वपूर्ण निर्णय लिया। सरकार ने राज्य में बाल विकास परियोजना अधिकारियों (CDPO) के 16 खाली पदों को बहाल करते हुए इन्हें पंजाब पब्लिक सर्विस कमीशन (PPSC) के माध्यम से भरने की अनुमति दे दी है। इससे केंद्र और राज्य की कल्याणकारी योजनाओं को ज़मीनी स्तर पर बेहतर तरीके से लागू किया जा सकेगा।
BBMB में 2458 कर्मचारियों का अलग काडर
बैठक में एक और अहम फैसला लेते हुए कैबिनेट ने भाखड़ा-ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) में तैनात होने वाले 2458 कर्मचारियों का अलग काडर बनाने को हरी झंडी दे दी है। माना जा रहा है कि इससे प्रशासनिक कार्यवाही में तेजी आएगी और कर्मचारियों के कार्य-क्षेत्र को स्पष्ट रूप से परिभाषित किया जा सकेगा।
मेडिकल टीचिंग फैकल्टी की रिटायरमेंट उम्र बढ़ाई
मेडिकल शिक्षा क्षेत्र में काम कर रहे कर्मचारियों के हित में सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। कैबिनेट ने मेडिकल टीचिंग फैकल्टी से प्रमोशन के आधार पर भरी जाने वाली प्रशासनिक पोस्ट्स की सेवानिवृत्ति आयु 62 से बढ़ाकर 65 वर्ष कर दी है। इससे अनुभवी डॉक्टर और शिक्षक तीन साल और अपनी सेवाएँ दे सकेंगे।
‘नई दिशा’ योजना को मंजूरी
महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पंजाब सरकार ने ‘नई दिशा’ योजना शुरू करने का फैसला किया है। इस योजना के तहत राज्य की लड़कियों और ज़रूरतमंद महिलाओं को सुरक्षित मासिक धर्म प्रबंधन और मुफ़्त सेनेटरी नैपकिन उपलब्ध कराए जाएंगे। सरकार का कहना है कि यह कदम महिलाओं की सेहत और स्वच्छता को सुधारने में मील का पत्थर साबित होगा।
