पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दीनानगर में नए शुगर मिल प्रोजेक्ट और को-जनरेशन प्लांट का उद्घाटन किया। Gurdaspur सहकारी खंड मिल की क्षमता 2,000 टन से बढ़ाकर 5,000 टन प्रतिदिन कर दी गई है। इस विस्तार से न सिर्फ उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि क्षेत्र के किसानों को भी बड़ा लाभ मिलेगा।
किसानों के लिए बड़ा फायदा
मुख्यमंत्री ने बताया कि अभी तक 2,850 किसान इस मिल को गन्ना सप्लाई कर रहे थे। नए प्रोजेक्ट के शुरू होने के बाद यह संख्या बढ़कर 7,025 किसानों तक पहुंच जाएगी। इससे किसानों को दूर-दराज की मिलों में गन्ना ले जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे उनके समय और परिवहन खर्च दोनों की बचत होगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गन्ने की गुणवत्ता बढ़ाने पर भी काम कर रही है, ताकि किसानों को बेहतर पैदावार मिल सके।
देश में सबसे ज्यादा गन्ना भाव
मुख्यमंत्री मान ने बताया कि पंजाब में गन्ने का भाव 416 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है, जो पूरे देश में सबसे ज्यादा है। उन्होंने कहा कि जब किसी फैक्टरी की क्षमता तीन गुना की जाती है तो रोजगार और उत्पादन भी तीन गुना बढ़ जाता है। यही कारण है कि यह प्रोजेक्ट पंजाब के किसानों और युवाओं दोनों के लिए लाभदायक साबित होगा।
किसानों की मांगों पर बोले CM
चंडीगढ़ में चल रहे किसानों के प्रदर्शन पर बोलते हुए CM मान ने कहा कि किसानों की कई मांगें केंद्र सरकार के अधीन आती हैं, इसलिए केंद्र को उनकी समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार समय-समय पर किसानों से मिलती रहती है और उनके मुद्दों को हल करने का प्रयास करती है।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार भी किसानों की मांगों को गंभीरता से सुनेगी।
जनता के लिए बड़े ऐलान
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने घोषणा की कि राज्य सरकार जल्द ही हर परिवार के लिए 10 लाख रुपये का बीमा योजना शुरू करने जा रही है। इसके अलावा कई बड़े विकास प्रोजेक्ट भी आने वाले समय में लागू किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए डॉक्टरों की नई भर्ती भी शुरू कर दी गई है।
