अमृतसर की काउंटर इंटेलिजेंस टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने पाकिस्तान से जुड़े एक हथियार तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से पांच पिस्टल बरामद की गई हैं, जिनमें चार .30 बोर और एक 9 एमएम की पिस्टल शामिल है। सभी हथियारों के साथ मैगज़ीन भी मिली हैं।
पाक आधारित हैंडलर से मिलते थे आदेश
जांच में सामने आया है कि पकड़ा गया आरोपी अपने साथी सेफली सिंह (जो फिलहाल फरार है) के साथ मिलकर पाकिस्तान में बैठे एक हैंडलर के निर्देशों पर हथियारों की खेप उठा रहा था। ये हथियार पंजाब के अपराधियों और गैंगस्टरों तक पहुंचाए जाते थे। इससे संकेत मिलता है कि यह नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था और कई वारदातों में इन हथियारों का इस्तेमाल हो सकता है।
एफआईआर दर्ज, नेटवर्क को खत्म करने की तैयारी
पुलिस ने इस मामले में थाना SSOC अमृतसर में एफआईआर दर्ज कर ली है। टीम अब इस पूरे नेटवर्क की आगे-पीछे की कड़ियों की पहचान कर रही है ताकि पूरे गैंग को खत्म किया जा सके। जांच टीमें यह भी पता लगा रही हैं कि अब तक कितने हथियार पंजाब में सप्लाई किए जा चुके हैं और किन लोगों तक पहुंचे हैं।
पंजाब पुलिस का सख्त रुख
पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का कहना है कि सीमा पार से आने वाले हथियारों का नेटवर्क तोड़ना उनकी प्राथमिकता है, ताकि पंजाब में अपराध और गैंगस्टर गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
