पंजाब के मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने अपने कथित वायरल वीडियो को लेकर एक बार फिर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से विपक्ष इस वीडियो को लेकर राजनीति कर रहा है, जबकि वह शुरुआत से ही कहते आए हैं कि वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति वह नहीं हैं।
गुरु घर के प्रति जताई आस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका सिर हमेशा श्री अकाल तख्त साहिब के आगे झुका है और आगे भी झुका रहेगा। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने गुरु और पंजाब के समझदार लोगों पर पूरा विश्वास है। उनके अनुसार, सच सामने आने के बाद विरोधियों के आरोप बेनकाब हो गए हैं।
विपक्ष पर लगाए आरोप
भगवंत मान ने आरोप लगाया कि राजनीतिक तौर पर मुकाबला करने में असफल रहने के बाद विरोधी दल अब उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि फर्जी वीडियो के जरिए उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया गया, लेकिन लोगों ने सच्चाई को समझ लिया है।
साजिश का किया दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पूरे मामले के पीछे किसकी भूमिका रही और यह कथित साजिश कैसे रची गई, इसका भी आने वाले दिनों में खुलासा किया जाएगा। उन्होंने संकेत दिया कि इस मामले से जुड़े तथ्यों को सार्वजनिक किया जाएगा।
