पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित कार्यक्रम में शिरकत की। यह आयोजन श्री आनंदपुर साहिब स्थित बाबा बूढ़ा दल छावनी में श्री अखंड पाठ साहिब के आरंभ के अवसर पर हुआ। इस दौरान पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी मौजूद रहे।

पंजाब की शांति और भाईचारे के लिए की प्रार्थना
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मान ने गुरु साहिब के चरणों में नतमस्तक होकर पंजाब की तरक्की, लोगों की भलाई और आपसी एकता के लिए अरदास की। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब की शिक्षाएँ हमेशा समाज को सही दिशा दिखाती हैं और सभी कार्यक्रम उनकी कृपा से ही सफल होते हैं।
सीएम मान का ट्वीट—
इसी के साथ मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोशल मीडिया पर एक संदेश भी साझा किया। उन्होंने लिखा कि “साहिब-ए-कमाल, बादशाह दरवेश श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के गुरियाई दिवस की लाख-लाख बधाइयाँ।” उन्होंने आगे कहा कि देश और कौम के लिए अपना सब कुछ न्योछावर करने वाले दसवें पातशाह की अमूल्य शिक्षाएँ सभी को जीवन में अपनानी चाहिए।
श्रद्धा और संगत में डूबा माहौल
पूरे आयोजन में श्रद्धा और भक्ति का विशेष माहौल रहा। संगत की बड़ी संख्या कार्यक्रम में शामिल हुई और गुरु साहिब के शहीदी दिवस को समर्पित कार्यक्रम मर्यादा अनुसार संपन्न किए गए। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि गुरु परंपरा हमेशा समाज को मानवता, साहस और बलिदान का संदेश देती है।
