देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो इन दिनों गंभीर ऑपरेशनल संकट से जूझ रही है। अचानक स्टाफ की कमी, तकनीकी समन्वय की गड़बड़ी और क्रू उपलब्धता की परेशानी के कारण देशभर में हजारों यात्री फंस गए। दिल्ली, मुंबई से लेकर कोच्चि, जयपुर, इंदौर और अहमदाबाद तक हालात बिगड़े हुए हैं। तमाम एयरपोर्टों पर फ्लाइटें रद्द होने और घंटों की देरी ने यात्रियों को बेहाल कर दिया है।
कई राज्यों में उड़ानें रद्द, एयरपोर्ट पर भारी भीड़
इंडिगो की गड़बड़ी का असर पूरे देश में दिखाई दिया। कई प्रमुख शहरों में उड़ानें सामान्य समय पर ऑपरेट नहीं हो सकीं। एयरपोर्ट टर्मिनलों पर बड़ी संख्या में लोग जानकारी के इंतज़ार में घंटों फंसकर रह गए। सोशल मीडिया पर यात्रियों ने वीडियो और तस्वीरों के जरिए अपनी परेशानी साझा की, जिनमें एयरपोर्ट लॉबी में बैठते, सोते और राहत की उम्मीद करते लोग नजर आए।
दिल्ली एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइजरी—”फ्लाइट स्टेटस चेक करें”
दिल्ली के IGI एयरपोर्ट ने रात में पैसेंजर एडवाइजरी जारी की। इसमें बताया गया कि इंडिगो की सेवाएं धीरे-धीरे पटरी पर लौट रही हैं, लेकिन यात्रियों को घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर देखना चाहिए। एयरपोर्ट प्राधिकरण ने वेबसाइट या एयरलाइन से सीधे संपर्क करने की सलाह दी। रात देर तक टर्मिनलों पर भीड़ बनी रही, क्योंकि यात्री अगले अपडेट का इंतज़ार करते रहे।
मुंबई एयरपोर्ट पर स्थिति सबसे गंभीर—109 फ्लाइटें रद्द
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आज सुबह 9 बजे तक 109 इंडिगो उड़ानें रद्द की गईं। इनमें 51 आगमन और 58 प्रस्थान फ्लाइटें शामिल हैं। बड़ी संख्या में लोग टिकट कैंसिल कराने की लाइन में खड़े दिखाई दिए। कई यात्रियों ने शिकायत की कि न तो ऑनलाइन सेवा सही काम कर रही है और न ही कस्टमर केयर फोन उठा रहा है।
दिल्ली में भी 86 फ्लाइट कैंसल हो गईं, जिनमें 37 डिपार्चर और 49 अराइवल उड़ानें थीं। चंडीगढ़, बेंगलुरु, हैदराबाद और अहमदाबाद में भी यही स्थिति देखने को मिली।
अहमदाबाद और बेंगलुरु—दर्जनों उड़ानें बनीं शिकार
अहमदाबाद एयरपोर्ट पर 19 इंडिगो उड़ानें रात में रद्द करनी पड़ीं। इससे यात्री एयरपोर्ट परिसर में घंटों परेशान रहे। कई लोगों का कहना था कि एयरलाइन ने सही समय पर जानकारी नहीं दी, जिससे हालात और बिगड़ गए।
बेंगलुरु में 63 डिपार्चर और 61 अराइवल उड़ानें कैंसल हुईं। इसी तरह हैदराबाद में 69 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिनमें घरेलू और कई शहरों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण उड़ानें शामिल थीं।
चेन्नई में नियंत्रण के लिए CISF को पत्र—29 उड़ानें रद्द
चेन्नई एयरपोर्ट से भी इंडिगो की कई उड़ानें रद्द की गईं। एयरलाइन के एक आंतरिक पत्र में CISF से अनुरोध किया गया कि रद्द की गई फ्लाइटों के यात्रियों को टर्मिनल में प्रवेश न दिया जाए, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। दिनभर के शेड्यूल में 29 मुख्य उड़ानें रद्द रहीं। इनमें पोर्ट ब्लेयर, अहमदाबाद, कोलकाता, पटना, मुंबई, लखनऊ और कोच्चि जैसी कई रूट शामिल थे।
मुंबई में यात्रियों को जमीन पर बैठना पड़ा
मुंबई एयरपोर्ट पर स्थिति इतनी खराब हो गई कि अतिरिक्त बैठने की व्यवस्था करनी पड़ी। कई लोग जमीन पर ही बैठे या लेटकर अपना समय काटते नजर आए। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
लखनऊ, जयपुर, इंदौर और कोच्चि में भी असर
लखनऊ में 7 इंडिगो और 1 एयर इंडिया की फ्लाइट रद्द हो गईं। यात्री घंटों काउंटर पर जानकारी मिलने का इंतजार करते रहे।
कोच्चि, जयपुर और इंदौर में यात्रियों ने शिकायत की कि ऐप पर दी गई जानकारी और काउंटर की जानकारी अलग-अलग थी, जिससे भ्रम और बढ़ गया।
इंडिगो की सफाई—”स्टाफ और ऑपरेशनल दिक्कत से उड़ानें प्रभावित”
एयरलाइन ने बयान जारी कर कहा कि अचानक स्टाफ की कमी, सिस्टम सिंक्रोनाइजेशन और क्रू सीक्वेंसिंग की वजह से उड़ानें प्रभावित हुईं। हालांकि कंपनी का दावा है कि ऑपरेशंस को तेजी से सामान्य किया जा रहा है।
सोनू सूद की अपील—”स्टाफ पर गुस्सा न उतारें”
इसी बीच अभिनेता सोनू सूद ने यात्रियों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि देरी निराशाजनक है, लेकिन स्टाफ भी इस तनाव का सामना कर रहा है। यात्रियों से विनम्रता से पेश आने की सलाह दी।
