चंडीगढ़, 7 नवंबर: पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विजिलेंस ब्यूरो ने पनग्रेन के मैनेजर मनप्रीत सिंह और बरनाला मंडी की इंस्पेक्टर एवं इंचार्ज दविंदर कौर को गिरफ्तार किया है। दोनों पर एक चावल शेलर की क्षमता के अनुसार धान का आवंटन बढ़ाने के बदले 50,000 रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है।
विजिलेंस ब्यूरो के सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी लख्खी कॉलोनी, बरनाला निवासी एक व्यक्ति की शिकायत के आधार पर की गई है।
शिकायतकर्ता ने विजिलेंस को बताया कि पनग्रेन मैनेजर मनप्रीत सिंह और बरनाला मंडी की इंस्पेक्टर एवं इंचार्ज दविंदर कौर ने उसके चावल शेलर की क्षमता के मुताबिक धान का आवंटन बढ़ाने के लिए 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने के संबंध में आरोपियों के साथ हुई बातचीत को रिकॉर्ड भी कर लिया था।
शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए विजिलेंस ब्यूरो रेंज पटियाला से संपर्क किया। इसके बाद विजिलेंस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए दोनों अधिकारियों को रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो थाना पटियाला में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। विजिलेंस ब्यूरो की ओर से मामले की आगे की जांच की जा रही है।
