दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार (16 नवंबर) को पीतमपुरा इलाके में तीन मेट्रो स्टेशनों के नाम बदलने का ऐलान किया। उनका कहना है कि यह फैसला यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और स्थानीय पहचान को सम्मान देने के उद्देश्य से लिया गया है। यह घोषणा उन्होंने हैदरपुर गांव में आयोजित ‘श्रेष्ठ भारत संपर्क यात्रा’ कार्यक्रम के दौरान की।
रेजांग ला के शहीदों को नमन
यह कार्यक्रम 1962 के रेजांग ला युद्ध में शहीद हुए जवानों की याद में आयोजित किया गया था। इस युद्ध में 13 कुमाऊं रेजिमेंट के 114 वीर सैनिकों ने अपनी जान देश के नाम कर दी थी। कार्यक्रम में शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए सीएम गुप्ता ने कहा कि हैदरपुर गांव अब दिल्ली के विकास की नई तस्वीर बन चुका है, जहां परंपरा और आधुनिकता दोनों का खूबसूरत मेल दिखाई देता है।
कौन-कौन से स्टेशन बदलेंगे?
सीएम गुप्ता ने अपने ‘एक्स’ पोस्ट पर तीनों मेट्रो स्टेशनों के नए प्रस्तावित नाम भी साझा किए। ये नाम स्थानीय इलाकों की पहचान को ध्यान में रखते हुए चुने गए हैं।
- यू ब्लॉक में प्रस्तावित उत्तरी पीतमपुरा स्टेशन
→ नया नाम होगा उत्तरी पीतमपुरा–प्रशांत विहार मेट्रो स्टेशन - प्रस्तावित पीतमपुरा उत्तर मेट्रो स्टेशन
→ नया नाम होगा हैदरपुर गांव मेट्रो स्टेशन - मौजूदा पीतमपुरा मेट्रो स्टेशन
→ नया नाम होगा मधुबन चौक मेट्रो स्टेशन
सीएम के अनुसार, इन नए नामों से स्थानीय निवासियों को अपने क्षेत्र से और गहरा जुड़ाव महसूस होगा, साथ ही यात्रियों को पहचान और लोकेशन समझने में भी आसानी मिलेगी।
स्थानीय पहचान को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सिर्फ एक महानगर नहीं, बल्कि सैकड़ों साल पुरानी परंपराओं और संस्कृतियों का संगम है। इसलिए जगहों के नाम ऐसे होने चाहिए जो उनकी इतिहास, संस्कृति और अस्मिता को दर्शाएं। उन्होंने भरोसा जताया कि ये बदलाव शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और भी सहज और पहचान योग्य बनाएंगे।
जल्द ही इन नामों को औपचारिक मंजूरी मिलते ही दिल्ली मेट्रो में ये नए नाम लागू कर दिए जाएंगे।
